Edited By Kamini,Updated: 04 Mar, 2026 12:49 PM

पंजाब के युवक की कनाडा में दर्दनाक मौत होने की दुखदाई खबर सामने आई है।
पंजाब डेस्क: पंजाब के युवक की कनाडा में दर्दनाक मौत होने की दुखदाई खबर सामने आई है। मृतक व्यक्ति की पहचान रघबीर सिंह भरोवाल (उम्र 42) निवासी बठिंडा पंजाब के रूप में हुई है, जो कनाडा के सरे (Surrey) में रहते थे। मिली जानकारी के अनुसार रघबीर सिंह की पेरू में मोटरसाइकिल दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, वह पिछले कुछ हफ्तों से अकेले विश्व बाइक यात्रा पर निकले हुए थे, जिसे उन्होंने ‘फ्लाइंग खालसा वर्ल्ड टूर’ नाम दिया था।
रघबीर 3 बच्चों के पिता थे और कनाडा में इमिग्रेशन कंसल्टेंट के तौर पर कार्यरत थे। परिवार के अनुसार, 3 दिन पहले उन्होंने कनाडा लौटने की जानकारी देने के लिए फोन किया था, लेकिन उसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। बाद में उनके जीपीएस लोकेशन से पता चला कि वह पेरू के ट्रूजिलो (Trujillo) शहर में थे। वहां की पुलिस ने परिवार को सूचित किया कि उनका एक घातक सड़क हादसा हो गया है।
रघबीर के पिता प्रीतम सिंह भारोवाल ने बताया कि अभी एक शादी में शामिल होने के लिए लुधियाना में हैं। उनका बेटा करीब 3 महीने पहले अपनी हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल पर विश्व यात्रा के लिए निकला था और 31 देशों की यात्रा करने की योजना थी। वह कुछ दिनों के लिए कनाडा लौटने के बाद अर्जेंटीना जाने वाला था। रघबीर ने लुधियाना के गुरु नानक इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग में BTech की पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने कनाडा के विंडसर (Ontario) से MTech की डिग्री हासिल की और वहीं की नागरिकता प्राप्त की। परिवार और दोस्तों के अनुसार, रघबीर अपने साहसिक स्वभाव और लंबी बाइक यात्राओं के लिए जाने जाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार और समुदाय में शोक की लहर है। उन्होंने कहा, "उन्होंने ग्रुप को अपनी बाइक राइड के वीडियो और कहानियाँ सुनाकर खुश कर दिया। हमने कभी नहीं सोचा था कि यह हमारी आखिरी मीटिंग होगी।"
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here