Edited By Kamini,Updated: 12 Jun, 2026 03:30 PM

पंजाब के सबसे बड़े औद्योगिक शहर महानगर लुधियाना को अपराध और नशा मुक्त बनाने के लिए खाकी ने पूरी तरह से कमर कस ली है।
लुधियाना (राज): पंजाब के सबसे बड़े औद्योगिक शहर महानगर लुधियाना को अपराध और नशा मुक्त बनाने के लिए खाकी ने पूरी तरह से कमर कस ली है। इसी सिलसिले में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और ड्रग तस्करों की रीढ़ तोड़ने के लिए आईजी (प्रोविजनिंग) एस. भूपति (IPS) ने विशेष रूप से लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट का दौरा किया। उन्होंने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (IPS) के साथ एक हाई-लेवल रणनीतिक बैठक की, जिसमें कमिश्नरेट के सभी राजपत्रित अधिकारी (गजटेड ऑफिसर्स) शामिल हुए।
इस अहम बैठक में शहर की अमन-शांति को कायम रखने और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत नशा तस्करों पर चौतरफा हमला बोलने के लिए एक अभूतपूर्व मास्टर प्लान तैयार किया गया। इस उच्च स्तरीय बैठक में आम जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एक बेहद प्रो-एक्टिव पुलिसिंग मॉडल पर मुहर लगाई गई है। अब शहरवासियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए 'डायल 112' इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम को बिल्कुल नए और वैज्ञानिक तरीके से अपग्रेड किया जा रहा है। आईजी एस. भूपति और सीपी स्वप्न शर्मा ने सख्त निर्देश दिए हैं कि जैसे ही 112 नंबर पर कोई संकट की कॉल आए, पुलिस टीम को बिना एक पल गंवाए घटना स्थल पर पहुंचना होगा। इसके लिए शहर के सभी संवेदनशील और मुख्य चौराहों पर 'इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स' (ERVs) को इस तरह से तैनात (री-पोजीशन) किया जा रहा है कि वे महज चंद मिनटों के भीतर पीड़ित तक पहुंच सकें।
महानगर के लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने और अपराधियों के दिलों में खौफ भरने के लिए पुलिस फोर्स की विजिबिलिटी को जमीन पर कई गुना बढ़ा दिया गया है। पूरी फोर्स का एक व्यापक ऑडिट पूरा कर लिया गया है, जिसके बाद अब भीड़भाड़ वाले बाजारों, व्यापारिक केंद्रों और रिहायशी कॉलोनियों में भारी तादाद में वर्दीधारी पुलिस जवान मुस्तैदी से गश्त करते नजर आएंगे। इसके साथ ही शहर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर वैज्ञानिक तरीके से 'नाका ग्रिड' तैयार किया गया है। इन हाई-टेक नाकों पर तैनात ऑन-ग्राउंड ताकतों को डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए संदिग्ध वाहनों की गहन और बारीक चेकिंग करने के हुक्म दिए गए हैं, ताकि कोई भी शरारती तत्व शहर का माहौल खराब न कर सके। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाएगा कि किसी भी आम और कानून का पालन करने वाले नागरिक को बेवजह परेशानी न झेलनी पड़े।
लुधियाना को किसी भी प्रकार की राष्ट्र विरोधी या असामाजिक गतिविधि से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने डेटा-संचालित 'वल्नरेबिलिटी मैपिंग' (संवेदनशील इलाकों की पहचान) का काम पूरा कर लिया है। शहर की सरकारी इमारतों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षा के लिहाज से बेहद नाजुक जगहों की रियल-टाइम थ्रेट मैट्रिक्स के आधार पर चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कर दिया है कि नशे के सौदागरों और समाज के दुश्मनों के खिलाफ उनका रुख 'जीरो टॉलरेंस' का है और इन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने शहर के जागरूक नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऑन-फील्ड तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें और आस-पास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here