Edited By Kamini,Updated: 13 Jun, 2026 07:30 PM

पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों ने अब तक का सबसे बड़ा और सनसनीखेज एक्शन लिया है।
लुधियाना (राज): पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों ने अब तक का सबसे बड़ा और सनसनीखेज एक्शन लिया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की लुधियाना जोनल यूनिट ने फिल्मी अंदाज में एक कार का पीछा कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के एक बड़े मोहरे को दबोच लिया। आरोपी की कार से करीब 9.948 किलोग्राम हाई-क्वालिटी हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 19.90 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
यह पूरा घटनाक्रम किसी हॉलीवुड एक्शन फिल्म से कम नहीं था। DRI के अधिकारियों को एक खुफिया इनपुट मिला था कि सरहद पार से आई नशे की एक बड़ी खेप लुधियाना के रास्ते ठिकाने लगाई जानी है। टीम ने तुरंत जाल बिछाया और लुधियाना के बाहरी इलाके की घेराबंदी कर दी। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही संदिग्ध कार अधिकारियों के राडार पर आई, उसे रुकने का इशारा किया गया। लेकिन खुद को घिरता देख तस्कर ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड्स से बचते हुए भाग निकला। इसके बाद व्यस्त सड़क पर DRI की गाड़ियों और संदिग्ध कार के बीच कई किलोमीटर तक रोंगटे खड़े कर देने वाला 'हाई-स्पीड चेज' शुरू हो गया।
आखिरकार अधिकारियों ने जान की बाजी लगाकर तस्कर की गाड़ी को चारों तरफ से ओवरटेक कर सड़क के किनारे दबोच लिया। तस्कर को कार से बाहर खींचने के बाद जब गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी दंग रह गए। कार की डिक्की में एक भूरे रंग का बैकपैक (पिठू बैग) रखा हुआ था। बैग को खोलते ही उसमें से खाकी टेप से लिपटे 18 संदिग्ध पैकेट बरामद हुए। DRI की टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत फील्ड टेस्टिंग किट बुलाई और मौके पर ही केमिकल टेस्ट किया। टेस्ट की रिपोर्ट आते ही अधिकारियों के दावों पर मुहर लग गई-पैकेटों में भरा सफेद पाउडर कोई साधारण चीज नहीं, बल्कि शुद्ध हेरोइन थी। कांटे पर जब इन 18 पैकेटों को चढ़ाया गया, तो इनका कुल वजन करीब 10 किलो (9.948 किलोग्राम) निकला।
ड्रग्स की इस महा-खेप के साथ ही DRI ने कार से 1 लाख 64 हजार 500 रुपए की ड्रग मनी (नकद) भी बरामद की है। केंद्रीय एजेंसी ने हेरोइन, तस्करी में इस्तेमाल लग्जरी कार, बैग और नकदी को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत मौके पर ही जब्त कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी महज एक कूरियर (सप्लायर) है। DRI अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि नशीले पदार्थों का यह जखीरा पाकिस्तान बॉर्डर से पंजाब के किस हिस्से में लाया गया था और लुधियाना में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। आने वाले दिनों में इस मामले में कई रसूखदार चेहरों और बड़े ड्रग कप्तानों की गिरफ्तारियां संभव हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here