Edited By Vatika,Updated: 08 Jun, 2026 10:02 AM

कमिश्नरेट पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता
लुधियाना(राज): कमिश्नरेट पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सलेम टाबरी के सब-इंस्पेक्टर (S.I.) जतिंदर कुमार ने पुलिस पार्टी समेत मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर पकड़े शातिर
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के दो मोटरसाइकिल, बिना नंबर की दो एक्टिवा और अलग-अलग कंपनियों के 8 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप सिंह पुत्र मनविंदर सिंह (निवासी गांव शेखुपुरा, कपूरथला, हाल निवासी गली नंबर 6, प्रतापपुरा, हैबोवाल, लुधियाना) और हरजिंदर सिंह उर्फ साहिल पुत्र दर्शन सिंह (निवासी गांव शेखुपुरा, जिला कपूरथला) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बीती 7 जून को सब-इंस्पेक्टर जतिंदर कुमार अपनी पुलिस पार्टी के साथ गश्त और चेकिंग के सिलसिले में भट्टियां इलाके में स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास मेट्रो कट टी-पॉइंट पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर ने पुख्ता सूचना दी कि संदीप सिंह और हरजिंदर सिंह, जो मिलकर वाहन और मोबाइल चोरी करने के आदी हैं, चोरी के वाहनों पर सवार होकर इसी इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी करके कड़ाई से चेकिंग शुरू कर दी।
8 चोरीशुदा मोबाइल फोन भी बरामद
कुछ ही समय बाद पुलिस पार्टी ने दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया। जब उनसे वाहनों के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कड़ाई से की गई पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे दोनों चोरी के वाहनों पर घूम रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही चोरी का एक हीरो प्रो मोटरसाइकिल (नंबर PB10FM-3137) और एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर PB10EL-3972) जब्त कर ली। जब आरोपियों की आगे जांच की गई, तो उनके पास से बिना नंबर वाली दो एक्टिवा स्कूटी और विभिन्न ब्रांड्स के 8 चोरीशुदा मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के लिए रिमांड पर लिया है कि इन्होंने ये मोबाइल और गाड़ियां कहां से चुराई थीं और इन्हें कहां बेचने की फिराक में थे।