Edited By Kalash,Updated: 27 Apr, 2026 04:58 PM

महानगर के पॉश व्यापारिक क्षेत्र गांधी नगर मार्केट से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है
लुधियाना (राज): महानगर के पॉश व्यापारिक क्षेत्र गांधी नगर मार्केट से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पड़ोसी ने ही बगल की दुकान पर कब्जा करने की नीयत से फिल्मी अंदाज में दीवार तोड़ डाली। आरोपी ने न केवल दीवार तोड़ी बल्कि दुकान के अंदर पड़ा करीब 2 लाख रुपए का कीमती माल भी चोरी कर लिया। वारदात का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़ित दुकानदार अनुज बहल ने बताया कि करीब तीन साल पहले उन्होंने चांद सिनेमा के पास यह दुकान खरीदी थी। दुकान की सफाई करवाकर उन्होंने इसे ताला लगा दिया था। अनुज के अनुसार पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति की नजर शुरू से ही उनकी इस प्रॉपर्टी पर थी। उस व्यक्ति ने कई बार उससे दुकान खरीदने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन जब उस ने दुकान बेचने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी उसे धमकियां देने लगा। आरोपी ने उस पर दबाव बनाया कि वह यहां अपनी दुकान न खोले, लेकिन उसने उसकी धमकियों को गंभीरता से नहीं लिया।
सोमवार की सुबह जब अनुज अपनी दुकान की साफ-सफाई करवाने के मकसद से वहां पहुंचे, तो मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जैसे ही उन्होंने शटर का ताला खोला और अंदर दाखिल हुए, देखा कि दुकान की अंदरूनी दीवार पूरी तरह टूटी हुई थी। शातिर पड़ोसी ने अंदर ही अंदर दीवार में सेंधमारी की और दुकान में रखा करीब 2 लाख रुपए का सामान गायब कर दिया। पीड़ित ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयानों के आधार पर जांच जारी है और दीवार तोड़कर चोरी व कब्जे की कोशिश करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here