Edited By Kalash,Updated: 09 Apr, 2026 01:56 PM

लुधियाना में एक दंपती द्वारा सोशल मीडिया पर सांझा की गई वीडियो ने सनसनी फैला दी।
लुधियाना (राज): थाना डिवीजन नंबर 6 के अंतर्गत आती शेरपुर जैन कॉलोनी उस समय दहल गई, जब सोशल मीडिया पर एक दंपती का दर्दनाक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक लाचार पति अपनी पत्नी की अस्मत बचाने की गुहार लगाते हुए आत्मदाह की चेतावनी दे रहे हैं। इस दंपती ने वीडियो वायरल कर साफ कहा कि अगर उन्हें इंसाफ न मिला तो वे मौत को गले लगा लेंगे। गनीमत यह रही कि समय रहते परिजनों ने वीडियो देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
पीड़िता ने वीडियो में दीपा का आरोप है कि उनका पड़ोसी, जो कारपेंटर का काम करता है, पिछले तीन दिनों से उन्हें बेरहमी से टॉर्चर कर रहा है। उस ने बताया कि उस ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उन्हें बालों से पकड़कर जमीन पर घसीटा। दरिंदगी की हद तो तब हो गई जब आरोपी ने सरेराह उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश की और उनके प्राइवेट पार्ट्स पर हाथ डाला। पीड़िता का आरोप है कि उसकी सास और जेठानी इस पूरे जुल्म के पीछे हैं, जो उन्हें घर से निकलवाने के लिए पड़ोसी का मोहरा बनाकर इस्तेमाल कर रही हैं।
पीड़िता के पति , जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने भी वीडियो में अपना दर्द साझा किया। उस ने बताया कि पड़ोसियों के डर के साए में वे जीने को मजबूर हैं। दबंगों ने उनके घर का दरवाजा तोड़ दिया और बिजली तक काट दी है। उसका आरोप है कि जब वे अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश करते हैं तो उन्हें भी पीटा जाता है। सबसे गंभीर आरोप उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लगाया। उन्होंने वीडियो में कहा कि वे गुहार लगा-लगाकर थक चुके हैं, लेकिन कोई भी पुलिसवाला उनकी सुनवाई नहीं कर रहा। इसी बेबसी के चलते उन्होंने सोशल मीडिया पर सुसाइड की घोषणा की और अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष और पड़ोसी को जिम्मेदार ठहराया।
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ और पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंचा, महकमे में हड़कंप मच गया। थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की जांच कर रहे एएसआई (ASI) जसविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने तलब किया है। मारपीट के आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here