Edited By Kalash,Updated: 27 Oct, 2026 11:43 AM

जालंधर शहर में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को कम करने और खासकर जालंधर वैस्ट के लोगों को बड़ी राहत दिलाने के लिए नहर के किनारे प्रस्तावित बाईपास प्रोजैक्ट को पूरा करने की मांग लंबे समय से उठ रही है
जालंधर (खुराना): जालंधर शहर में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को कम करने और खासकर जालंधर वैस्ट के लोगों को बड़ी राहत दिलाने के लिए नहर के किनारे प्रस्तावित बाईपास प्रोजैक्ट को पूरा करने की मांग लंबे समय से उठ रही है, लेकिन अफसोस की बात है कि अब तक न किसी सरकार ने इस ओर गंभीरता से ध्यान दिया और न ही किसी राजनेता ने इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए।
शहीद बाबू लाभ सिंह नगर व आसपास की कॉलोनियों के लोगों ने कहा कि नहर के साथ बनी सड़कों को आपस में जोड़कर और शीतल नगर के निकट रेलवे लाइन पर फाटक बनाकर इस बाईपास को शुरू किया जा सकता है। इसके बाद यहां फ्लाईओवर या अंडरपास बनाकर बाईपास को पूरा किया जा सकता है। इससे पूरे जालंधर के लोगों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी और शहर के कई इलाकों के बीच आवाजाही भी आसान हो जाएगी।
लोगों ने कहा कि यह मांग कोई नई नहीं है। कई साल पहले नहर के दोनों ओर सड़कें बनाने का काम किया गया था, लेकिन पूरी योजना को बीच में ही छोड़ दिया गया। यदि उस समय इस प्रोजैक्ट को पूरा कर दिया जाता, तो आज शहर के लोगों को ट्रैफिक की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती थी। अब भी सड़कें मौजूद होने के बावजूद उनका पूरा लाभ लोगों को नहीं मिल रहा। लोगों ने कहा कि शीतल नगर के निकट रेलवे फाटक बनना इस योजना का अहम हिस्सा है। इसके बनने से बस्ती बावा खेल, शहीद बाबू लाभ सिंह नगर, कबीर नगर, बस्ती दानिशमंदां और आसपास के इलाकों के लोगों को सीधा फायदा मिल सकता है। कपूरथला और बस्ती बावा खेल की तरफ से आने वाले वाहनों को भी मकसूदां की ओर जाने के लिए कपूरथला चौक से घूमकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
विधानसभा चुनावों में फिर होंगे वादे, लेकिन काम कब होगा?
इस प्रोजैक्ट की मांग उठाने वालों ने कहा कि जब भी विधानसभा चुनाव नजदीक आते हैं, तो ऐसे महत्वपूर्ण प्रोजैक्टों को लेकर वादे किए जाते हैं। संभव है कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी नहर बाईपास और रेलवे फाटक के निर्माण का मुद्दा उठाया जाए और लोगों को इसे पूरा करवाने का भरोसा दिया जाए, लेकिन सवाल यह है कि जब लंबे समय से इस मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और अब तक काम शुरू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को केवल वादों की नहीं, बल्कि जमीन पर काम शुरू होने की जरूरत है। सरकार और संबंधित विभागों को चाहिए कि इस प्रोजैक्ट की स्थिति स्पष्ट करें, जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें और इसके निर्माण के लिए समयबद्ध योजना बनाएं।
ट्रैफिक के साथ क्षेत्र के विकास को भी मिलेगा बढ़ावा
शहीद बाबू लाभ सिंह नगर वैल्फेयर सोसायटी के प्रधान प्रभुनैनजोत सिंह गोगा ने कहा कि शहीद बाबू लाभ सिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों में कमर्शियल गतिविधियां बढ़ने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में नहर के साथ प्रस्तावित बाईपास और रेलवे फाटक का निर्माण लोगों की रोजमर्रा की परेशानी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने गुलाब देवी रोड पर नहर की पुली को चौड़ा करने और आर्य नगर के निकट एक और पुली बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि इन कामों को भी प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। प्रधान प्रभुनैनजोत सिंह गोगा ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि इस लंबे समय से लटके प्रोजैक्ट को चुनावी वादों तक सीमित रखने के बजाय इसे पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि नहर बाईपास, रेलवे फाटक और संबंधित सड़कों के सुधार से जालंधर वैस्ट के साथ-साथ पूरे शहर को लाभ मिल सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here