Edited By Vatika,Updated: 16 Oct, 2026 10:14 AM

परमिंदर सिंह उर्फ झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद के आह्वान को देखते हुए वीरवार को
जालंधर: परमिंदर सिंह उर्फ झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद के आह्वान को देखते हुए वीरवार को जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। जी.आर.पी. की ओर से रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के साथ-साथ गश्त भी की गई।
इस दौरान रेलवे यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। जालंधर सिटी के अलावा जी.आर.पी. थाना जालंधर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा जांच की गई। जी.आर.पी. थाना जालंधर के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर बलवीर सिंह घुम्मण ने बताया कि पंजाब बंद के आह्वान को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चौकसी बरती गई। इसके तहत स्टेशन परिसर और यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों पर चैकिंग करने के साथ-साथ गश्त की गई।
सुरक्षा कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि रेलवे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि विशेष चैकिंग अभियान के दौरान किसी भी रेलवे स्टेशन पर कोई संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि सामने नहीं आई। सभी रेलवे स्टेशनों और उनके परिसरों में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सामान्य पाई गई। इंस्पैक्टर बलवीर सिंह ने कहा कि रेलवे यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा जी.आर.पी. की प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर पंजाब बंद के दौरान जालंधर सिटी सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई।