रिंपी अनेजा सुसाइड केस के इंप्रूवमेंट ट्रस्ट घोटाले से जुड़े तार, जांच में जुटी पुलिस

Edited By Kamini,Updated: 16 May, 2026 06:54 PM

improvement trust scam

महानगर के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर पलविंदर सिंह उर्फ रिंपी अनेजा सुसाइड मामले में आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

लुधियाना (राज): महानगर के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर पलविंदर सिंह उर्फ रिंपी अनेजा सुसाइड मामले में आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। अभी तक एक भी नामजद आरोपी को सलाखों के पीछे नहीं पहुंचा है। वहीं दूसरी तरफ लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट (LIT) में हुए एक बड़े और कथित प्लॉट घोटाले की परतें भी खुलनी शुरू हो गई हैं।

इस पूरे सुसाइड कांड के तार अगस्त 2025 में शहीद भगत सिंह नगर स्थित प्लॉट नंबर 35-C के ट्रांसफर में हुए कथित घपले से जुड़े हुए हैं। आरोप हैं कि इस बेशकीमती प्लॉट को असली अलॉटी और अटॉर्नी होल्डर की गैर-मौजूदगी के ही नियमों को ताक पर रखकर ट्रांसफर कर दिया गया। यही नहीं, प्लॉट की बकाया राशि जमा करवाने में भी भारी हेरफेर की गई। मृतक रिंपी अनेजा ने इस महा-घोटाले के खिलाफ चंडीगढ़ स्थित लोकल गवर्नमेंट ऑफिस और पंजाब सरकार तक लिखित शिकायतें भेजी थीं, लेकिन रसूखदारों के दबाव में कथित तौर पर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

हाई-प्रोफाइल आरोपी फरार, विभाग ने अब तक नहीं किया सस्पेंड

विवाद के केंद्र में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के सुपरिंटेंडेंट एवं एडमिनिस्ट्रेटर ऑफिसर के पीए हरप्रीत सिंह का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर गूंज रहा है। सूत्रों के मुताबिक, FIR दर्ज होने के बाद से ही हरप्रीत सिंह पिछले 10 दिनों से अपनी ड्यूटी से नदारद हैं और वतन से भागने या गिरफ्तारी के डर से परिवार सहित भूमिगत हो गए हैं। हालांकि, प्रशासनिक हलकों में इस बात को लेकर भारी हैरानी है कि इतने गंभीर मामले में नामजद होने और फरार रहने के बावजूद पंजाब सरकार के लोकल गवर्नमेंट विभाग ने उन्हें अभी तक सस्पेंड (निलंबित) नहीं किया है।

चर्चा है कि इस प्लॉट के ट्रांसफर और बकाया सेटलमेंट के खेल में लाखों रुपये के अवैध लेनदेन की बात भी सामने आ रही है, जिसने ट्रस्ट की सेल ब्रांच के कई अन्य मुलाजिमों को भी शक के घेरे में ला खड़ा किया है। गौरतलब है कि मौत को गले लगाने से पहले रिंपी अनेजा ने जो सुसाइड नोट या वीडियो बनाया था, उसमें भी हरप्रीत सिंह के नाम का विशेष तौर पर जिक्र किया गया था।

11 रसूखदारों पर मामला दर्ज, इंसाफ के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार

सनसनीखेज सुसाइड मामले की तफ्तीश कर रही थाना दुगरी पुलिस ने इस केस में कुल 11 प्रभावशाली और हाई-प्रोफाइल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस रिकॉर्ड में नामजद आरोपियों की सूची में राजेश बंसल, विनोद स्याल, हरप्रीत सिंह, पंकज गुप्ता, खुशवंत सिंह, रिश्मजीत सिंह गाबा, अजीत सिंह स्वराज, संजू गोयल, अनिल कुमार, रनवीर कौर गिल और तरुण गोयल के नाम शामिल हैं। उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार और समर्थकों में भारी रोष व्याप्त है। बीते दिनों परिवार द्वारा रिंपी अनेजा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर शहर में एक कैंडल मार्च भी निकाला गया था। गमगीन माहौल में परिवार ने रिंपी का अंतिम संस्कार तो कर दिया है, लेकिन इंसाफ की आस में बूढ़े मां-बाप और बच्चे आज भी कभी दुगरी थाने तो कभी पुलिस कमिश्नर दफ्तर के चक्कर काटने को मजबूर हैं। अब देखना होगा कि लुधियाना पुलिस इन रसूखदार आरोपियों पर कब तक शिकंजा कस पाती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!