Edited By Kalash,Updated: 17 May, 2026 05:36 PM

आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।
अमृतसर (इन्द्रजीत): आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। विभाग द्वारा की गई गुप्त 'सर्जिकल स्ट्राइक' के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी और विदेशी शराब बरामद की गई है। पकड़ी गई खेप की कुल तादाद 2,070 पेटियां बताई जा रही है। अगर पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो पिछले 5 वर्षों के भीतर आबकारी विभाग की यह अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक बरामदगी है। प्राथमिक जांच के अनुसार इस बेहद महंगी शराब का इस्तेमाल आगामी नगर पालिका चुनावों के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने और खपाने के लिए किया जाना था। विभाग ने इस मामले में 2 शराब तस्करों को नामजद किया है, जिनकी पहचान रोहित तेली और भिंडर (उपनाम) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर जालंधर रेंज के डिप्टी कमिश्नर ने बनाई रणनीति
आबकारी विभाग के डिप्टी कमिश्नर (अमृतसर-जालंधर रेंज) सुरेंद्र कुमार गर्ग को एक पुख्ता इनपुट मिला था कि अमृतसर रेंज के अंतर्गत आते खलचियां से खडूर साहब रोड पर स्थित कुछ बंद दुकानों में भारी मात्रा में महंगी अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना में यह भी साफ था कि यदि बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई की जाए, तो एक बड़ा रैकेट बेनकाब हो सकता है और भारी बरामदगी संभव है। इनपुट के अनुसार शराब के ब्रांड्स बेहद महंगे और विदेशी श्रेणियों के थे।
दुकानों के ताले तोड़कर निकाली गई खेप
सहायक कमिश्नर (अमृतसर रेंज) दिलबाग सिंह चीमा ने बताया कि शनिवार सुबह मिली इस सटीक सूचना के बाद तुरंत एक उच्च स्तरीय टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम में जिला आबकारी अधिकारी अमृतसर (1/2) ललित कुमार, आबकारी इंस्पैक्टर रण बहादुर और हरजीत सिंह को शामिल किया गया। कार्रवाई को मुस्तैदी से अंजाम देने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया गया, जिसमें खलचियां के एस.एच.ओ. अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से शामिल रहे। सहायक कमिश्नर ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची, तो दुकानें बाहर से बंद थीं। जिसके बाद आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकानों के ताले तोड़कर तलाशी ली तो अंदर का नजारा देख कर सब दंग रह गए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here