Edited By VANSH Sharma,Updated: 25 Mar, 2026 09:30 PM

लुधियाना में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्लाडा ने बुधवार को बड़ी मुहिम चलाई।
लुधियाना: लुधियाना में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्लाडा ने बुधवार को बड़ी मुहिम चलाई। ग्लाडा के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार के निर्देशों पर पिंड धांदरा, मानकवाल और महिमूदपुरा में 13 अवैध इमारतों और 3 अवैध कॉलोनियों को ढहा दिया गया।
ग्लाडा के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार ने बताया कि अवैध कॉलोनियां बनाकर सस्ते प्लॉट देने के नाम पर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए विशेष मुहिम शुरू की गई है। इन कॉलोनियों के पास कोई सरकारी मंजूरी नहीं थी और नियमों का भी पालन नहीं किया गया था।
ग्लाडा की रेगुलेटरी विंग, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। 13 अवैध इमारतों को सील कर ढहा दिया गया, जबकि 3 अवैध कॉलोनियों की सड़कों को तोड़कर और अवैध ढांचे हटाकर पूरी तरह खत्म कर दिया गया। नोटिस देने के बावजूद जब डेवलपर्स ने निर्माण कार्य नहीं रोका, तो यह कार्रवाई की गई। पूरी मुहिम बिना किसी विरोध के पूरी हुई।
ग्लाडा ने साफ किया कि आने वाले हफ्तों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शुरुआती स्तर पर ही अवैध कॉलोनियों को रोका जा सके।
मुख्य प्रशासक ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट या मकान न खरीदें, क्योंकि ग्लाडा वहां पानी, सीवरेज और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराएगा। उन्होंने कहा कि मंजूरशुदा कॉलोनियों की सूची और नक्शे ग्लाडा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, जिन्हें देखकर ही कोई संपत्ति खरीदनी चाहिए।
ग्लाडा के अधिकारियों ने यह भी कहा कि अवैध कॉलोनियां बनाने वालों के खिलाफ आगे भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here