बागेश्वर बाबा की कथा में जेबकतरों का गिरोह सक्रिय, एयरफोर्स के एक वरिष्ठ अधिकारी के परिवार को बनाया निशाना

Edited By Kalash,Updated: 30 Sep, 2026 09:53 AM

gang of pickpockets active at bageshwar baba katha

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा वर्धमान मिल के सामने ग्लाडा मैदान में आयोजित 'श्री हनुमंत कथा' में आस्था के सैलाब के बीच शातिर चोरों और जेबकतरों का गिरोह भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

लुधियाना (राज): बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा वर्धमान मिल के सामने ग्लाडा मैदान में आयोजित 'श्री हनुमंत कथा' में आस्था के सैलाब के बीच शातिर चोरों और जेबकतरों का गिरोह भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लाखों श्रद्धालुओं की आमद का फायदा उठाकर शरारती तत्व सरेआम चोरी और छीना-झपटी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में चोरों ने भारतीय वायुसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के परिवार को ही अपना निशाना बना डाला। ग्लाडा ग्राउंड में कथा सुनने पहुंचीं एयरफोर्स के विंग कमांडर की मां और सास की सोने की चेन, नकदी और पर्स उड़ा लिया गया। पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर थाना मोती नगर की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में विंग कमांडर एस.के. झा ने बताया कि वह वर्तमान में एयरफोर्स स्टेशन बरनाला में विंग कमांडर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को उनकी माता जी और सास वर्धमान मिल के सामने ग्लाडा ग्राउंड में आयोजित पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने के लिए पहुंची थीं। दोनों महिलाएं कथा पंडाल के वीआईपी गेट के प्रवेश द्वार के पास मौजूद थीं। इसी दौरान अत्यधिक भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाते हुए अज्ञात शातिर चोरों ने उनके सामान पर हाथ साफ कर दिया।

शिकायत के अनुसार, चोरों ने बड़ी सफाई से दोनों महिलाओं के गले से सोने की चेन खींच ली और उनका लाल रंग का पर्स भी चुरा लिया। पीड़ित परिवार ने बताया कि उक्त लाल पर्स में करीब ₹7,000 की नकदी और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। जब दोनों महिलाएं पंडाल के अंदर पहुंचीं और उन्होंने अपना सामान संभाला, तब जाकर उन्हें इस चोरी का अहसास हुआ। आसपास तलाश करने के बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, भक्तों में दहशत 

कथा समागम में लाखों की भीड़ जुटने के कारण पुलिस कमिश्नरेट द्वारा भारी सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं। इसके बावजूद वीआईपी एंट्री गेट जैसे संवेदनशील स्थान पर एयरफोर्स अधिकारी के परिजनों के साथ हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं का आरोप है कि पंडाल और प्रवेश द्वारों पर शरारती तत्व, जेबकतरे और महिलाओं के पर्स छीनने वाले गिरोह बेखौफ घूम रहे हैं, जिस पर पुलिस का कोई कड़ा नियंत्रण नजर नहीं आ रहा।

थाना मोती नगर में FIR दर्ज, CCTV खंगाल रही पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही थाना मोती नगर की पुलिस ने विंग कमांडर एस.के. झा की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।जांच अधिकारी ने बताया कि ग्लाडा मैदान, वीआईपी एंट्री गेट और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को कब्जे में लेकर बारीकी से खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भीड़ में सक्रिय संदिग्ध चेहरों और पुराने जेबकतरों के रिकॉर्ड को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही इस गिरोह को बेनकाब कर चोरी का सामान बरामद किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!