लुधियाना में पुलिसिया धमकी देकर वसूली करने वाला गिरोह पकड़ा, 3 गिरफ्तार

Edited By Urmila,Updated: 25 Sep, 2026 11:01 AM

3 arrested in ludhiana

पुलिसिया रौब झाड़कर चौथवसूली करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।

लुधियाना (राज): पुलिसिया रौब झाड़कर चौथवसूली करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। शातिर आरोपियों ने एक बाइक सवार को बीच रास्ते में रोककर झूठा केस दर्ज करने की धमकी दी और मामला निपटाने के नाम पर उससे जबरन नकदी ऐंठ ली। पीड़ित वरिंदर सिंह की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचकर उनकी वारदात में प्रयुक्त लग्जरी गाड़ी भी जब्त कर ली है।

पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में वरिंदर सिंह ने बताया कि बीती 20 सितंबर को वह किसी निजी काम से लुधियाना आया हुआ था। काम खत्म करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव की तरफ लौट रहा था। जब वह गांव झमट कट, पोहिर बाईपास के पास पहुंचा, तभी अचानक एक काले रंग की महिंद्रा XUV 300 कार उसके आगे आकर रुकी और उसकी बाइक का रास्ता रोक लिया। गाड़ी रुकते ही उसमें से तीन नौजवान युवक नीचे उतरे और उन्होंने मुद्दई को घेर लिया। आरोपियों ने रौबदार आवाज में धमकाते हुए कहा, "हम तेरे ऊपर पर्चा (पुलिस केस) दर्ज करने जा रहे हैं। अगर तू चाहता है कि तेरे खिलाफ केस न दर्ज हो, तो चुपचाप हमारा खर्चा निकाल।" 

आरोपियों के आक्रामक तेवर और पुलिसिया धमकियों को देखकर वह बुरी तरह घबरा गया। खुद को झूठे केस में फंसने से बचाने के डर से उसने अपनी जेब में रखे 2000 रुपये निकालकर आरोपियों को दे दिए। नकदी हाथ में आते ही तीनों युवक अपनी काले रंग की XUV 300 गाड़ी में सवार हुए और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने होश संभालते हुए नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरा मामला दर्ज करवाया।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर व हुलिए के आधार पर इलाके में जाल बिछाया। दौरान-ए-तफ्तीश पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय शर्मा, आकाशदीप, गुरकीरत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की महिंद्रा XUV 300 कार को भी आधिकारिक तौर पर अपने कब्जे में ले लिया है।

जांच अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जबरन वसूली, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनसान बाईपास और लिंक सड़कों पर अकेले जा रहे दोपहिया वाहन चालकों को निशाना बनाकर खुद को प्रभावशाली या पुलिस से जुड़ा बताकर अवैध उगाही करता था। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इस इलाके में ऐसे कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!