भजन गाते श्रद्धालुओं के बीच बना था VIDEO, कुछ ही पलों बाद मचा कोहराम, यमुना घाट हादसे का चश्मदीद बयान

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 11 Apr, 2026 08:44 PM

eyewitness account of the yamuna ghat incident

यमुना घाट पर हुए दर्दनाक नाव हादसे से जुड़ा एक और चौंकाने वाला सच सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो उसी युवक लविष कालरा ने बनाया था, जो जगराओं के मोती बाग का रहने वाला है और हादसे के समय उसी नाव में सवार था।

लुधियाना (गणेश/सचिन): यमुना घाट पर हुए दर्दनाक नाव हादसे से जुड़ा एक और चौंकाने वाला सच सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो उसी युवक लविष कालरा ने बनाया था, जो जगराओं के मोती बाग का रहने वाला है और हादसे के समय उसी नाव में सवार था।

बताया जा रहा है कि वीडियो की शुरुआत में नाव में सवार श्रद्धालु “राधा रानी” के भजनों पर ताली बजाते और झूमते नजर आ रहे हैं। माहौल पूरी तरह श्रद्धा और भक्ति में डूबा हुआ था। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि कुछ ही पलों बाद यह खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल जाएगा।

लविष कालरा ने अपने बयान में बताया कि नाव में जरूरत से ज्यादा सवारियां बैठा दी गई थीं। जैसे ही लोग एक तरफ इकट्ठा हुए, नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक एक ओर झुक गई। इसी दौरान अफरा-तफरी मच गई और हादसा हो गया। उसने बताया कि हादसे के वक्त नाव उसके सिर से टकराई, जिससे वह कुछ पल के लिए घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और लगातार पानी में हाथ-पांव मारता रहा। तभी पास से गुजर रही दूसरी नाव के लोगों ने उसे देखा और तुरंत बचाव करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे के बाद एक समय ऐसा भी आया जब उसका जूता गोताखोरों के हाथ लग गया और घरवालों को यह सूचना दे दी गई कि वह डूब चुका है। लेकिन बाद में उसके जिंदा बचने की खबर मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली। लविष ने एक बेहद दर्दनाक खुलासा करते हुए बताया कि मोगा की जिस महिला की मौत हुई, उसने उसके हाथों में ही आखिरी सांस ली। इस घटना ने पूरे माहौल को झकझोर कर रख दिया।

युवक ने सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि यमुना घाट जैसे स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सख्त इंतजाम किए जाएं। सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य की जाए और नाव में सवारियों की संख्या उसकी क्षमता के अनुसार ही सीमित रखी जाए।

वीडियो के अंत में लविष कालरा ने अपनी जान बचने पर “राधा रानी” का शुक्रिया अदा किया और इसे उनकी कृपा बताया।
यह वीडियो अब सिर्फ एक वायरल क्लिप नहीं, बल्कि हादसे की पूरी सच्चाई बयां करने वाला अहम सबूत बनता जा रहा है, जिसने प्रशासन की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!