Edited By Anil Pahwa,Updated: 10 Jun, 2021 09:57 PM
पंजाब कांग्रेस में राजनीतिक खींचतान के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में राजनीतिक खींचतान के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले कांग्रेस के नेता तथा जालंधर छावनी से विधायक परगट सिंह पर बड़े एक्शन की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार परगट सिंह ने आज ही एक प्रेस कांफ्रेंस करके कैप्टन अमरिंदर सिंह के एक फैसले पर बड़ा सवाल किया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2 दिन पहले ही विधायक तथा आम आदमी पार्टी के नेता सुखपाल खैहरा को कांग्रेस में ज्वाइन करवाया था। परगट सिंह ने आज इसी मसले पर एक पत्रकार सम्मेलन किया जिसमें उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री के इस फैसले के खिलाफ सवाल खड़े किए थे। परगट सिंह ने इस फैसले को गलत बताया था तथा कहा था कि इससे कांग्रेस को नुकसान होगा। परगट सिंह ने यह भी कहा था कि कैप्टन इस समय में गलत फैसले ले रहे हैं जिससे पार्टी को नुकसान हो रहा है। पार्टी के प्रदेश के बड़े नेता तथा राज्य के मुख्यमंत्री के खिलाफ इस प्रकार का मोर्चा खोले जाना पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले परगट सिंह ने एक अन्य पत्रकार सम्मेलन के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री पर उन्हें धमकी दिलवाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि यह धमकी उन्हें कैप्टन के करीबी संदीप संधू के माध्यम से मिली है। अब पता चला है कि परगट सिंह के खिलाफ पार्टी बड़ा फैसला ले सकती है। पार्टी के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने इस संबंध में संकेत दिए हैं। जिसके बाद संभावना है कि अगले एक-दो दिन में परगट सिंह को पार्टी में बड़े स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।