Edited By Kalash,Updated: 14 Sep, 2026 10:04 AM

महानगर के व्यस्ततम शेरपुर चौक पर एक कार चालक को उस समय भारी चपत लग गई जब उसकी गाड़ी अचानक खराब हो गई।
लुधियाना (राज): महानगर के व्यस्ततम शेरपुर चौक पर एक कार चालक को उस समय भारी चपत लग गई जब उसकी गाड़ी अचानक खराब हो गई। कार के एसी से धुआं निकलने पर चालक जैसे ही बोनट खोलकर जांच करने लगा, तभी मौके की ताक में बैठे 5 अज्ञात शातिर बदमाशों ने कार की डिग्गी खोलकर उसमें रखा कीमती लैपटॉप और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग उड़ा लिया। मुद्दई की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने जांच के दौरान गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके बाकी 3 साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में अभिषेक अरोड़ा ने बताया कि 22 अगस्त को वह अपनी कार में सवार होकर रोजाना की तरह फैक्ट्री जा रहा था। जैसे ही वह शेरपुर चौक के पास पहुंचा, तो सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। जाम के चलते उसने अपनी गाड़ी को सड़क के किनारे खड़ा कर लिया। इसी दौरान अचानक कार के एसी वेंट से संदिग्ध धुआं निकलने लगा। किसी बड़ी आगजनी या तकनीकी खराबी के अंदेशे के चलते मुद्दई तुरंत गाड़ी से बाहर उतरा और कार का अगला बोनट खोलकर खराबी की जांच करने लगा। जब कार का बोनट खोलकर धुआं चेक करने में व्यस्त था, तभी वहां घात लगाकर खड़े 5 अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर उसकी कार की डिग्गी खोल ली। बदमाश डिग्गी में रखा उसका जरूरी बैग चुराकर पलक झपकते ही भीड़ और गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए बैग में उसका कीमती सोनी वायो लैपटॉप, चार्जर और उसका असली पहचान पत्र सहित अन्य जरूरी कागजात मौजूद थे। जब पीड़ित ने बोनट बंद कर देखा, तो डिग्गी खुली थी और बैग गायब पाकर उसके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मुद्दई के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तकनीकी व मुखबिर तंत्र के जरिए जांच शुरू की। पड़ताल और सुराग मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन यादव और आकाश गायकवाड़ के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी किया गया लैपटॉप, बैग व अन्य सामान बरामद किया जा सके। इसके साथ ही वारदात में शामिल उनके बाकी 3 फरार साथियों की पहचान और धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here