Edited By Urmila,Updated: 05 Sep, 2026 10:27 AM

फिरोजपुर रोड पर जूतों की दुकान की आड़ में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाकर सैन्य छावनी और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की कथित जासूसी करने के मामले में गिरफ्तार 3 आरोपियों से पूछताछ के बाद...
लुधियाना (राज): फिरोजपुर रोड पर जूतों की दुकान की आड़ में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाकर सैन्य छावनी और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की कथित जासूसी करने के मामले में गिरफ्तार 3 आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक अवैध पिस्तौल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रछपाल सिंह, रोहित और वरिंदर की निशानदेही पर बरामद हथियार पाकिस्तान निर्मित बताया जा रहा है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि हथियार अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र के रास्ते पंजाब में पहुंचाया गया था। कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स ने आरोपियों को पिस्तौल बेचकर उससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपनी गतिविधियों और खर्च के लिए करने को कहा था। पुलिस अब हथियार को सीमा से लुधियाना तक पहुंचाने वाले कथित नैटवर्क की जांच कर रही है।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों की कथित गतिविधियां केवल लुधियाना तक सीमित नहीं थीं। पुलिस के अनुसार, उन्हें आगे फिरोजपुर और राजस्थान के सीमावर्ती व संवेदनशील सैन्य क्षेत्रों में इसी तरह कैमरे लगाकर सैन्य गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो जुटाने का काम सौंपा गया था।
पिस्तौल बरामद होने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। सुरक्षा एजैंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि आरोपियों को जासूसी के अलावा किसी अन्य आपराधिक या आतंकी गतिविधि के लिए तैयार किया जा रहा था या नहीं। पुलिस कथित फंडिंग नैटवर्क, डिजिटल लेन-देन और विदेश में बैठे हैंडलर्स से सम्पर्क के माध्यमों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here