Edited By Vatika,Updated: 09 May, 2022 09:25 AM
शहीद सूबेदार हरदीप सिंह के परिवार के लिए
चंडीगढ़/जालंधर/होशियारपुर(अश्वनी, धवन, जैन): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद सूबेदार हरदीप सिंह के परिवार के लिए एक करोड़ रुपए की एक्सग्रशिया ग्रांट और परिवार के एक मैंबर को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। अरुणाचल प्रदेश में एल.ए.सी. के पास देश की सेवा करते हुए हरदीप सिंह ने अपनी जान न्यौछावर कर दी थी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद हरदीप सिंह के परिवार के साथ हमदर्दी व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद सूबेदार हरदीप सिंह ने देश की एकता व अखंडता की रक्षा करने के लिए पूरी लग्र तथा समर्पित भावना के साथ ड्यूटी निभाई और उनकी कुर्बानी साथी सैनिकों को अपनी ड्यूटी और बहादुरी के साथ निभाने के लिए प्रेरित करेगी।शहीद हरदीप सिंह गांव बरांडा जिला होशियारपुर के रहने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी रविन्द्र कौर, एक बेटी व पुत्र छोड़ गए हैं।
पंजाब से संबंधित सैनिकों के शहीद होने पर राज्य सरकार ने सत्ता में आते ही ऐसे शहीद जवानों के परिवारों के लिए वित्तीय सहायता की राशि बढ़ा कर 1 करोड़ रुपए कर दी थी।सी.एम. मान ने कहा कि आप सरकार शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। सैनिक देश की रक्षा के लिए अपनी जान न्यौछावर करते हैं और नौजवानों में सेना में भर्ती होने के लिए जज्बा बरकरार रखने के लिए जरूरी है कि शहीद होने वाले जवानों के परिजनों को पूरी सहायता दी जाए।