Edited By Kamini,Updated: 13 Mar, 2026 01:27 PM

नशे के बढ़ते कारोबार पर रोक लगाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है।
पंजाब डेस्क : नशे के बढ़ते कारोबार पर रोक लगाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। दरअसल, चंडीगढ़ में नशा तस्करों को सख्त चेतावनी जारी कर दी गई है। क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाल ने नशा तस्करों और नशा करने वालों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि वे तुरंत इस धंधे से दूर हो जाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि या तो नशा छोड़ दें या शहर छोड़ दें.. नहीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर पटियाल ने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि पुलिस को उनके अवैध कामों की जानकारी नहीं है, वे गलतफहमी में हैं। पुलिस के पास ऐसे लोगों के बारे में पूरी जानकारी मौजूद है और उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग नशे के कारोबार से कमाई कर संपत्ति बना रहे हैं और आलीशान जीवन जीने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे मामलों में कानून के तहत उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी जब्त किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने किन-किन जगहों पर संपत्तियां बनाई हैं। जांच पूरी होने के बाद उनकी फाइल तैयार कर कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर पटियाल ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई तस्कर पंचकूला या आसपास के क्षेत्रों में रहकर खुद को सुरक्षित समझ रहा है तो वह भी गलत है। पुलिस ऐसे लोगों पर भी नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर वहां भी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर कोई आसपास नशा बेचता और करता है तो इसकी सूचना तुरन्त पुलिस को दी जाए। जानकारी देने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here