Edited By Subhash Kapoor,Updated: 18 Mar, 2026 07:56 PM

पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल, चंडीगढ़ के सदस्य पद के लिए लुधियाना में आज आयोजित मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण चुनाव को लेकर वकीलों में भारी उत्साह देखने को मिला और लुधियाना सहित पूरे...
लुधियाना (मेहरा) : पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल, चंडीगढ़ के सदस्य पद के लिए लुधियाना में आज आयोजित मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण चुनाव को लेकर वकीलों में भारी उत्साह देखने को मिला और लुधियाना सहित पूरे पंजाब से बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई थीं, जिन्होंने पूरे दिन सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मतदान केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी।
सुरक्षा के दृष्टिगत केवल पंजीकृत वकील मतदाताओं को ही मतदान केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन अंदर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। प्रत्येक मतदाता के पहचान पत्र की गहन जांच के बाद ही उन्हें मतदान की अनुमति दी गई। पारदर्शिता बनाए रखने हेतु मतदान केंद्र के भीतर वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई गई।
मतदान केंद्र के बाहर भी पूरे दिन चुनावी माहौल बना रहा। प्रशासन द्वारा उम्मीदवारों को मतदान केंद्र से लगभग 200 मीटर की दूरी पर टेंट लगाने की अनुमति दी गई थी, जहां उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से संपर्क करते हुए अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए।
लुधियाना से बार काउंसिल सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में गगनदीप सिंह सैनी, हरीश राय ढांडा, चेतन वर्मा, हरिओम जिंदल, गुरिंदर सिंह, योगेश सूद,इंद्रजीत कौर,नीना भारद्वाज और पूजा शर्मा सहित अन्य शामिल रहे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विपन सग्गड़ और सचिव हिमांशु वालिया ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए वकीलों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मतदान सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चला, जिसमें कुल 3260 वकीलों ने मतदान कर एक उल्लेखनीय रिकॉर्ड दर्ज किया।
पूरे दिन मतदान केंद्र और उसके आसपास लोकतांत्रिक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां अनुशासन, सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
