Ludhiana के दोराहा-पायल में पंजाब बंद को भरपूर समर्थन, बाजार रहे पूरी तरह बंद

Edited By Sunita sarangal,Updated: 21 Aug, 2026 01:57 PM

bandh in doraha and payal in ludhiana

बंद के दौरान दोराहा और पायल के निजी स्कूल-कॉलेज भी बंद रहे। कौमी इंसाफ मोर्चा के अलावा अकाली दल वारिस पंजाब द्वारा भी पंजाब बंद को समर्थन दिए जाने के कारण क्षेत्र में बंद का व्यापक असर देखने को मिला।

दोराहा/पायल(विनायक): कौमी इंसाफ मोर्चा के आह्वान पर बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर दिए गए पंजाब बंद के आह्वान को दोराहा, पायल तथा आसपास के क्षेत्रों में भरपूर समर्थन मिला। दोनों कस्बों में छोटे-बड़े बाजारों सहित अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। यहां तक कि फल-सब्जियों की दुकानें भी बंद रहीं, जबकि लोगों की सुविधा को देखते हुए केवल दवाइयों की दुकानें खुली नजर आईं।

बंद के दौरान दोराहा और पायल के निजी स्कूल-कॉलेज भी बंद रहे। कौमी इंसाफ मोर्चा के अलावा अकाली दल वारिस पंजाब द्वारा भी पंजाब बंद को समर्थन दिए जाने के कारण क्षेत्र में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बाजारों में आम दिनों के मुकाबले सुनसान माहौल रहा और व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं।

दोराहा में रोष मार्च निकालकर बंदी सिंहों की रिहाई की मांग

दोराहा शहर में मरहूम बेअंत सिंह चौक से कौमी इंसाफ मोर्चा से जुड़े नेताओं और समर्थकों द्वारा मुख्य बाजार में रोष मार्च निकाला गया। इस दौरान नेताओं ने सरकार से मांग की कि जिन बंदी सिंहों ने अपनी सजाएं पूरी कर ली हैं, उन्हें जेलों से जल्द से जल्द रिहा किया जाए। नेताओं ने कहा कि सजाएं पूरी कर चुके बंदियों को लंबे समय तक जेलों में रखना उनके परिवारों के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकारों से अपील की कि इस मामले पर मानवीय और कानूनी पक्ष से विचार करते हुए बंदी सिंहों की रिहाई संबंधी आवश्यक कार्रवाई की जाए।

पायल में भी बंद का व्यापक असर

पायल शहर में भी पंजाब बंद को भरपूर समर्थन मिला। शहर के मुख्य बाजारों में दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद के कारण बाजारों में आम दिनों की अपेक्षा कम रौनक देखने को मिली। कई स्थानों पर किसान संगठनों और अन्य समर्थकों द्वारा केंद्र तथा पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन भी किए गए और बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग देने पर शहरवासियों का धन्यवाद किया गया।

सरकारी व निजी बस सेवा रही बंद, बाकी यातायात सामान्य

पंजाब बंद के मद्देनजर दोराहा और पायल में सरकारी तथा निजी बस सेवा पूरी तरह बंद रही। हालांकि निजी वाहनों, दोपहिया वाहनों और अन्य यातायात पर पूर्ण रोक नहीं रही तथा सड़कों पर बाकी यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। बस सेवा बंद रहने के कारण यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

DSP हरमनप्रीत सिंह चीमा ने सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा

इस बंद के दौरान पायल के डी.एस.पी. हरमनप्रीत सिंह चीमा द्वारा क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने पुलिस फोर्स को हर समय सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों और मुख्य बाजारों में सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष नजर रखी गई।

SHO जसनप्रीत सिंह सरां ने जी.टी. रोड पर की नाकाबंदी

थाना दोराहा के एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर जसनप्रीत सिंह सरां ने पुलिस पार्टी सहित जी.टी. रोड पर बस स्टैंड के नजदीक नाकाबंदी की। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग करने के साथ-साथ शरारती तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस द्वारा क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई गई, ताकि बंद के दौरान अमन-कानून की स्थिति बरकरार रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी गई और लोगों से भी अपील की गई कि वे शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। बंद के दौरान दोराहा और पायल में कुल मिलाकर स्थिति नियंत्रण में रही तथा किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!