Edited By Subhash Kapoor,Updated: 20 Jun, 2025 09:38 PM

एक अहम प्रशासनिक कदम के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार को चंडीगढ़ का कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया गया है।
चंडीगढ़ : एक अहम प्रशासनिक कदम के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार को चंडीगढ़ का कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से की गई है। 2006 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी कुमार को अगले आदेश तक डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पुष्पेंद्र कुमार ने जून 2025 में दिल्ली से स्थानांतरण के बाद चंडीगढ़ पुलिस के आईजी के रूप में कार्यभार संभाला था। इससे पहले वे दिल्ली पुलिस में जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ईस्टर्न रेंज) के पद पर कार्यरत थे, और 2021 में रक्षा मंत्रालय में निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
बता दें कि अप्रैल 2025 में पूर्व डीजीपी राज कुमार सिंह के दिल्ली स्थानांतरण के बाद से चंडीगढ़ पुलिस प्रमुख का पद रिक्त चल रहा था। राज कुमार सिंह इससे पहले चंडीगढ़ में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) और कार्यकारी डीजीपी दोनों पदों पर कार्यरत थे। उन्होंने सुरेंद्र यादव के स्थानांतरण के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। वहीं बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ के स्थायी डीजीपी की नियुक्ति को लेकर मंथन अंतिम चरण में है और इसकी औपचारिक घोषणा आने वाले हफ्तों में हो सकती है। तब तक पुष्पेंद्र कुमार ही चंडीगढ़ पुलिस को नेतृत्व देते रहेंगे।