Edited By Urmila,Updated: 12 Jun, 2026 11:31 AM

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी परमबंस सिंह बंटी रोमाणा को कनाडा में प्रवेश से रोक दिया गया।
फरीदकोट : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी परमबंस सिंह बंटी रोमाणा को कनाडा में प्रवेश से रोक दिया गया। कनाडाई अधिकारियों ने उन्हें टोरंटो एयरपोर्ट पर ही रोकते हुए देश में दाखिल होने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद उन्हें भारत वापस लौटना पड़ा। इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बंटी रोमाणा ने बताया कि गुरुवार रात टोरंटो एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उन्हें रोका गया। बाद में उन्हें सूचित किया गया कि उनके खिलाफ कनाडा के इमिग्रेशन विभाग और एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास एक लिखित शिकायत दर्ज है, जिसके आधार पर यह फैसला लिया गया।
बंटी रोमाणा के अनुसार, शिकायत में उनके खिलाफ भारत में दर्ज कुछ मामलों का उल्लेख किया गया था, जिनमें मुख्यमंत्री आवास के घेराव और नगर काउंसिल चुनावों से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। शिकायत में इन मामलों की अदालती स्थिति का हवाला भी दिया गया, ताकि यह दर्शाया जा सके कि वे कनाडा में राजनीतिक उद्देश्य से पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का जिक्र किया गया है, वे सभी लोकतांत्रिक ढंग से किए गए राजनीतिक विरोध और आंदोलनों से जुड़े हैं। इनमें से कोई भी मामला आपराधिक प्रकृति का नहीं है। इसके बावजूद शिकायत में यह दावा किया गया कि उनका कनाडा दौरा राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ था, जो वहां के नियमों के अनुसार प्रतिबंधित है।
इस पूरे मामले को साजिश करार देते हुए बंटी रोमाणा ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ यह शिकायत मनीला से संचालित एक व्यक्ति द्वारा दर्ज करवाई गई है, जो पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे भारतीय समुदाय से शिरोमणि अकाली दल को मिल रहे समर्थन से सरकार असहज है और इसी वजह से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। बंटी रोमाणा ने चेतावनी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार का यह दमनकारी रवैया ज्यादा समय तक नहीं चलेगा और इसका जवाब जनता आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों में जरूर देगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here