Edited By Kalash,Updated: 12 Oct, 2026 05:10 PM

इसी तरह पिछले दिनों सेवा केंद्र कर्मचारियों की हड़ताल के बाद मानी गई मांगें भी अभी तक स्वीकार नहीं की गई हैं।
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): सेवा केंद्र कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से कंपनी प्रबंधकों द्वारा कर्मचारियों की तनख्वाह बिना बताए काट ली जाती है और बाद में कोई बकाया राशि भी नहीं दी जाती। इसी तरह पिछले दिनों सेवा केंद्र कर्मचारियों की हड़ताल के बाद मानी गई मांगें भी अभी तक स्वीकार नहीं की गई हैं। कंपनी अपने ही नियमों और आर.एफ.पी. का उल्लंघन करके कर्मचारियों को जबरदस्ती नौकरी से निकाल रही है।
यूनियन के प्रधान हरदीश सिंह, वाइस प्रधान अमनदीप सिंह, कैशियर नवजोत कौर, हरदीप सिंह और शेरबाज सिंह ने बताया कि कर्मचारी भूपिंदर कुमार को कंपनी की ओर से नौकरी से बर्खास्त करने का नोटिस जारी किया गया है। जबकि कंपनी की अपनी आधिकारिक नीति और आर.एफ.पी. गाइडलाइंस के अनुसार, किसी भी कार्रवाई से पहले निर्धारित कारण बताओ नोटिस और चेतावनी पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। बिना पूरी प्रक्रिया अपनाए सीधे नौकरी से निकालना कंपनी के नियमों का सीधा उल्लंघन है। हालांकि कर्मचारी की ओर से अपना स्पष्टीकरण और माफीनामा भी जमा करवा दिया गया था।
यूनियन नेताओं ने कहा कि इस मामले के समाधान के लिए पहले भी कंपनी को ईमेल के जरिए अनुरोध किया गया था, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। कंपनी की इस धक्केशाही और नियमों की अनदेखी से निराश होकर यूनियन ने मजबूरन 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। यूनियन ने मांग की है कि भूपिंदर कुमार का बर्खास्तगी नोटिस तुरंत रद्द करके उसे नौकरी पर बहाल किया जाएं। यदि कंपनी प्रबंधकों की ओर से आर.एफ.पी. के नियमों के अनुसार मामला हल नहीं किया गया, तो यूनियन इस मामले को राज्य सरकार के उच्च अधिकारियों और लेबर विभाग के पास ले जाकर कानूनी लड़ाई लड़ेगी। इस दौरान सेवा केंद्र में काम करवाने आए लोग बड़ी संख्या में परेशान हुए। एक परिवार मैरिज रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए आया था, जिसमें लडक़े वाले नैनीताल से पहुंचे थे लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here