Edited By Kamini,Updated: 12 Aug, 2026 02:25 PM

महानगर में एक टैक्सी ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।
लुधियाना (राज): महानगर में एक टैक्सी ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। सड़क किनारे से पुलिस को मृतक का शव मिला है, जिसकी पहचान पक्खोवाल रोड स्थित देव नगर निवासी महिंदर सिंह (29) के रूप में हुई है। मृतक के शरीर पर करीब एक दर्जन चोटों के निशान और गर्दन पर 8 से 9 इंच लंबा गहरा कट पाया गया है। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस इसे एक्टिवा का डिवाइडर से टकराने का हादसा मान रही है, लेकिन परिजनों ने महिंदर के दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के दोस्त संजय ने बताया कि महिंदर टैक्सी चलाता था। सोमवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने 5-6 दोस्तों के साथ शराब पीने के लिए घर से निकला था। रात करीब 12:15 बजे तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो उसकी पत्नी ने मोबाइल पर कॉल की। फोन किसी पीसीआर (PCR) कर्मचारी ने उठाया और महिंदर के एक्सीडेंट होने की सूचना दी। जब परिवार वाले SBS नगर चौकी की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, तो महिंदर का शव देखकर उनके होश उड़ गए।
संजय के मुताबिक, महिंदर की गर्दन पर करीब 8 से 9 इंच लंबा व गहरा कट था और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर तेजधार हथियार के करीब 12 घाव थे। इन गंभीर चोटों को देखते हुए परिजनों ने इसे साधारण हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार ने महिंदर का मोबाइल चेक कर जब उसकी आखिरी कॉल वाले नंबर पर संपर्क किया, तो पता चला कि वह देर रात तक अपने दोस्तों के साथ ही था। इसके बाद परिजन दोस्तों के घर पहुंचे और उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस चौकी ले गए। पूछताछ के दौरान दोस्तों ने बताया कि पहले 3 लोग महिंदर के साथ शराब पीने आए थे और उनके जाने के बाद 3 अन्य दोस्त पहुंचे थे। हालांकि, उन्होंने महिंदर के साथ किसी भी तरह के झगड़े या विवाद से साफ इनकार किया है।
थाना दुगरी के SHO गुरमुख सिंह दियोल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। प्राथमिक जांच से यही लग रहा है कि महिंदर ने शराब पी रखी थी और उसकी एक्टिवा असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। SHO दियोल के मुताबिक, मामले में फिलहाल लूटपाट का कोई एंगल सामने नहीं आया है, क्योंकि महिंदर का मोबाइल फोन और एक्टिवा शव के पास ही मिले हैं, जबकि उसका पर्स भी उसकी जेब में सुरक्षित था। उन्होंने कहा कि पुलिस मृतक के साथ मौजूद रहे दोस्तों से गहनता से पूछताछ कर रही है और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here