कांग्रेस ने दलितों पर अत्याचार किए, युवाओं की नौकरी बेची : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

Edited By Isha,Updated: 25 Sep, 2024 08:04 PM

congress tortured dalits sold jobs of youth prime minister narendra modi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को सोनीपत के गोहाना में जन आशीर्वाद रैली की। इस रैली में रोहतक,  सोनीपत, पानीपत लोकसभा की 22 विधानसभाओं के भाजपा उम्मीदवार मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रैली की शुरुआत हरियाणवी स्टाइल में सभी को "राम...

गोहाना: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को सोनीपत के गोहाना में जन आशीर्वाद रैली की। इस रैली में रोहतक,  सोनीपत, पानीपत लोकसभा की 22 विधानसभाओं के भाजपा उम्मीदवार मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रैली की शुरुआत हरियाणवी स्टाइल में सभी को "राम राम" बोलकर की। इसके बाद नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस को दलित अत्याचार, पर्ची-खर्ची से नौकरी देने और भ्रष्टाचार पर जमकर घेरा। मोदी ने कांग्रेस के दलाल राज और दामाद राज पर वार करते हुए कहा कि अगर हरियाणा की जनता को कांग्रेस के दलालों और दामादों से बचाना है, तो केवल भाजपा ही इस खतरे से बचा सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़ों और शोषितों के साथ धोखा किया है। कांग्रेस के भीतर जो संघर्ष हो रहा है, वह उनके पुराने पापों का परिणाम है।

2014 से पहले जब हरियाणा में कांग्रेस का राज था, तब दलितों के साथ अत्याचार की घटनाएं आम थीं। कांग्रेस राज में ऐसा कोई साल नहीं होता था जब दलितों के साथ अन्याय न होता हो। अनेक दलितों को जान से हाथ धोना पड़ा। दलित परिवारों की बहू-बेटियों पर अत्याचार होते थे। हर कोई जानता था कि दलितों के खिलाफ इस खेल को कांग्रेस ही खाद-पानी देती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह भी कहा कि जो भी कांग्रेस की इस हरकत के खिलाफ बोलता है, कांग्रेस उसके खिलाफ साजिशें करने लगती है। पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में जैसे-जैसे वोटिंग का दिन पास आ रहा है, वैसे-वैसे कांग्रेस पस्त पड़ती जा रही है।

हरियाणा में भाजपा के लिए समर्थन बढ़ता ही जा रहा है। हरियाणा का ये प्यार मेरे जीवन के लिए अमानत है। मैं गर्व के साथ कहता हूं कि मैं जो कुछ भी हूं, उसमें हरियाणा का बड़ा योगदान है। इस बार फिर हरियाणा कह रहा है कि हरियाणा में फिर एक बार भाजपा सरकार।  रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व सांसद व गोहाना प्रत्याशी अरविंद शर्मा, भाजपा वरिष्ठ नेता रामकुमार गौतम, कृष्णपाल पंवार, कविता जैन, रेनू डाबला सहित अनेक नेतागण मंच पर उपस्थित रहे।  

कांग्रेस के राज में हर नौकरी बिकती थी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 10 साल पहले जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब हरियाणा में एक भी ऐसी नौकरी नहीं थी, जिसमें खर्ची और पर्ची न चलती हो। सरकारी ठेकों में भ्रष्टाचार आम था और कांग्रेस ने हरियाणा को लूटकर अपनी जेबें भरीं। मुझे हरियाणा के लोगों का कर्ज चुकाना है, इसलिए मैं आप सब से अपील करता हूं कि हमें ऐसी भ्रष्ट कांग्रेस से दूर रहना चाहिए ताकि हरियाणा सुरक्षित रह सके। हरियाणा के लोगों का मुझ पर हक है, और मैं उनकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध हूं। भारत की सरकारी प्रणाली में भ्रष्टाचार एक बड़ी समस्या बनी,इसके पीछे सबसे बड़ा कारण कांग्रेस पार्टी है।

भाजपा सरकार ने नौकरियों में खर्ची और पर्ची बंद की
रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हरियाणा की भाजपा सरकार पर कोई भी भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हैं। भाजपा सरकार ने सरकारी नौकरियों में खर्ची और पर्ची बंद की, योग्यता के आधार पर नौकरी दी और 8 अक्टूबर के बाद, भाजपा एक बार फिर नौजवानों के लिए अवसर प्रदान करेगी। युवाओं को रोजगार के अधिक मौके मिलेंगे, जिससे वे अपनी पहचान बना सकेंगे।

नए वोटर्स को पता होना चाहिए, कांग्रेस ने हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया था
गोहाना की जन आशीर्वाद रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। जब हाईकमान ही भ्रष्टाचारी है तो नीचे फिर लूट का खुला लाइसेंस मिलना आसान हो जाता है। कांग्रेस राज में  यहां किसानों की क्या हालत थी यह नए वोटर्स को पता होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को जमकर लूटने का काम किया है। कांग्रेस ने हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया था, इससे किसान परेशान और असहाय हो गए। अब भाजपा किसानों के उत्थान के लिए काम कर रही है। 

कांग्रेस ने पिछड़ों का हक छीना
रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही दलित, ओबीसी और आदिवासियों को भागीदारी से वंचित रखा है। यह बाबा साहब अंबेडकर थे जिन्होंने दलितों को आरक्षण दिया। दलितों को भी अपने हक के लिए कांग्रेस की हार का इंतजार करना पड़ता है। जब-जब कांग्रेस सत्ता में नहीं रहती है तब तक गरीबों, एससी और ओबीसी को उनका हक मिला है। लेकिन जब-जब कांग्रेस सरकार में रही है, उसने दलितों और पिछड़ों का हक छीना है। 

कांग्रेस के शाही परिवार के डीएनए में है आरक्षण से नफरत करना
कांग्रेस के शाही परिवार से जो भी प्रधानमंत्री बना, उसने हमेशा आरक्षण का विरोध किया है। आरक्षण का विरोध और आरक्षण से नफरत यह कांग्रेस के डीएनए में है। इसलिए आज भी हम देखते हैं कि कांग्रेस के शाही खानदान की चौथी पीढ़ी भी आरक्षण को हटाने की बात कर रही है। उन्होंने अपील की कि आपको कांग्रेस के आरक्षण विरोधी चाल से सावधान रहना होगा।

कांग्रेस को वोट देना यानी बर्बादी का रास्ता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस की कलह पर भी कटाक्ष किया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासित हर राज्य में उनके मुख्यमंत्री आपस में झगड़े में उलझे हुए हैं। उन्हें जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है। कर्नाटक में उनके सीएम और डिप्टी सीएम आपसी लड़ाई में बिजी हैं। तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में भी यही कहानी है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पांच साल एक-दूसरे की टांग खींचने में लगे रहे। इसलिए हरियाणा को भी सावधान रहना है। गलती से भी अगर कांग्रेस आई, तो वे अपने झगड़ों में ही हरियाणा को बर्बाद करके छोड़ देंगे। कांग्रेस को वोट देना यानी हरियाणा की स्थिरता और विकास को दाव पर लगाना है, यह बर्बादी का रास्ता है। 

पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रेरणा से भारत को मिली विकास की नई ऊंचाई 
रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सोनीपत और देश के महान सपूत छोटूराम जी का जीवन किसानों और वंचितों के लिए समर्पित रहा है। हरियाणा की लोककला को समृद्ध करने वाले बाबा लखमीचन्द ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। आज भाजपा के पथ प्रदर्शक पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जन्म जयंती है। अन्तोदय और गरीबों के कल्याण के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी ने जो रास्ता दिखाया वह प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए संकल्प पथ की तरह है। 

कांग्रेस देश के दुश्मनों के एजेंडे को भारत में लागू करने का प्रयास कर रही
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस की कुनीतियों से निकले पत्थर हरियाणा की संतानों पर फेंके जाते थे। कांग्रेस और उनके साथी जम्मू-कश्मीर और देश में शांति नहीं चाहते। कांग्रेस धारा 370 को फिर से लागू करना चाहती है, जो देश की सुरक्षा और एकता के लिए खतरा है। कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में आतंक और अलगाव को फिर से हवा देना चाहती है। लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि हरियाणा के लोग ऐसी कांग्रेस को सबक सिखाएंगे इस पर मुझे पूरा भरोसा है। 

भाजपा की नीति निर्णयों में बाबा साहब की सोच
नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गरीब और दलित साथी अक्सर भूमिहीन होते हैं और खेतों में मजदूरी करके अपनी जिंदगी काटते हैं। इसलिए बाबा साहब अंबेडकर दलितों से तकनीकी शिक्षा हासिल करने की बात कहते थे, ताकि वे उद्योगों में अपना स्थान बना सकें और अपने जीवन स्तर को ऊंचा उठा सकें। मोदी ने कहा कि भाजपा की नीति निर्णयों में, भाजपा के विचारों में बाबा साहब की यही सोच दिखाई देगी। दलित और वंचित समाज को उद्योगों में दर्जा देकर सच्चा सशक्तिकरण संभव है। 

फरीदाबाद से लेकर पानीपत तक दुनिया की बड़ी कंपनियों का केंद्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में पूरी दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ा है और उनके फलस्वरूप भारत की युवा शक्ति को वैश्विक मंच पर मान्यता मिली है। अमेरिका में हमारी हरियाणा की बेटी और उसके साथ हरियाणा के लोग भी न्यूयॉर्क में हमारा स्वागत कर रहे थे, वहां पूरा हरियाणा एकजुट होकर खड़ा था। हमारा हरियाणा, फरीदाबाद से लेकर पानीपत तक दुनिया की बड़ी कंपनियों का केंद्र बन रहा है। राज्य की हरियाणा सरकार ने घोषणा की है कि प्रदेश के कई शहरों में औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे। यह विकास की एक नई दिशा है, जो हमारे राज्य को और अधिक समृद्ध बनाएगा। इन कंपनियों का निवेश हरियाणा के लिए बहुत फायदेमंद होगा, क्योंकि इससे यहां के युवाओं और किसानों को बेहतर अवसर मिलेंगे। मोदी ने कहा कि आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर हरियाणा प्रदेश में अनेक औद्योगिक शहर बनाए जाएंगे। मेक इन इंडिया के 10 सालों ने इस दिशा में बड़ी भूमिका निभाई है। 

हरियाणा में फिर तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने नारी शक्ति को सशक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं। हरियाणा भाजपा ने लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2100 रुपये देने का वादा किया है। गरीब परिवारों को 500 में गैस सिलेंडर की योजना जारी रहेगी। हरियाणा भाजपा ने 5 लाख लखपति दीदियों और हर गांव में ड्रोन पायलट दीदियों को बनाने की घोषणा की है। भाजपा का संकल्प हमेशा एक पक्की गारंटी होता है, भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है।

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!