पंजाब में दो युवतियां रहस्यमयी ढंग से लापता, बेटियों की तलाश में परेशान परिवार

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 24 May, 2026 10:58 PM

two young women mysteriously go missing in punjab

दोराहा और पायल इलाके से दो युवतियों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने के मामले सामने आने से क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है। दोनों मामलों में संबंधित थानों द्वारा गुमशुदगी संबंधी डीडीआर दर्ज कर ली गई है, परंतु पुलिस जांच और जांच अधिकारियों के...

दोराहा/पायल (विनायक): दोराहा और पायल इलाके से दो युवतियों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने के मामले सामने आने से क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है। दोनों मामलों में संबंधित थानों द्वारा गुमशुदगी संबंधी डीडीआर दर्ज कर ली गई है, परंतु पुलिस जांच और जांच अधिकारियों के बयानों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन अपनी बेटियों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं।

दोराहा से 30 वर्षीय लवली शर्मा लापता
थाना दोराहा अधीन पड़ते वार्ड नंबर 13 की रहने वाली 30 वर्षीय लवली शर्मा पुत्री अमृता शर्मा 21 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता बताई जा रही है। इस संबंधी भारत शर्मा पुत्र कृष्ण कुमार शर्मा निवासी वार्ड नंबर 13, दोराहा द्वारा पुलिस को सूचित किए जाने उपरांत थाना दोराहा में डीडीआर नंबर 33 दिनांक 23 मई 2026 दर्ज की गई है।
मामले की जांच कर रहे एसआई सुखजीत सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि उक्त डीडीआर संबंधी उन्हें कोई जानकारी नहीं है तथा इसके बारे में थाने के मुंशी से जानकारी मिल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि थाने द्वारा कई बार उनका नाम खुद ही दर्ज कर दिया जाता है।

बातचीत दौरान एसआई सुखजीत सिंह ने यह भी कहा कि “लड़कियों की गुमशुदगियां आम बात हैं, कई भागकर शादी भी कर लेती हैं।” इसके अलावा उन्होंने पत्रकार से ही यह पूछना शुरू कर दिया कि “आपका इस लड़की के साथ क्या संबंध है?” हालांकि जब सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर मांगा गया तो उन्होंने नंबर देने की बात कहकर फोन काट दिया। दूसरी तरफ थाना दोराहा के मुंशी द्वारा भी सरकारी फोन रिसीव न करने के कारण पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

गांव दाउमाजरा की 24 वर्षीय अंजली भी लापता

इसी तरह थाना पायल अधीन पड़ते गांव दाउमाजरा की रहने वाली 24 वर्षीय अंजली पुत्री परमजीत सिंह भी 21 मई 2026 से लापता बताई जा रही है। इस संबंधी उसकी माता रेखा पत्नी परमजीत सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर थाना पायल में डीडीआर नंबर 9 दिनांक 22 मई 2026 दर्ज की गई है।

मामले के जांच अधिकारी एएसआई पवनजीत से बातचीत करने पर उन्होंने भी कहा कि उन्हें उक्त डीडीआर संबंधी कोई जानकारी नहीं है। जब उन्हें बताया गया कि यह डीडीआर उनके द्वारा ही दर्ज की गई है और इस मामले में क्या जांच हुई है, तो उन्होंने “बाद में बात करूंगा” कहकर फोन काट दिया।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!