पंजाब सरकार 3 लाख से अधिक कर्मचारियों और 4 लाख पेंशनरों को तुरंत डीए जारी करे : सुनील जाखड़

Edited By Kalash,Updated: 13 May, 2026 05:19 PM

sunil jakhar demans da to employees and pensioners

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए लगातार नए-नए नैरेटिव गढ़ रही है

चंडीगढ़ : पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए लगातार नए-नए नैरेटिव गढ़ रही है, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के 3 लाख से अधिक कर्मचारी और 4 लाख पेंशनर डीए की किश्तों और बकाया राशि का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माननीय हाईकोर्ट ने सरकार को 30 जून तक कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए की किश्तों और बकाया के रूप में 15 हजार करोड़ रुपये जारी करने के आदेश दिए थे, लेकिन सरकार फिर से कोर्ट चली गई है। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि लोगों को नौकरियों के लिए न धरने देने पड़ेंगे और न ही लाठियां खानी पड़ेंगी, लेकिन आज हालात में कोई बदलाव नहीं आया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का कर्मचारी विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार कोई आम आदमी पार्टी सरकार न सिर्फ डीए की किश्तें देने से इनकार कर रही है, बल्कि अपनी अपील में डीए देने की व्यवस्था को ही चुनौती दे रही है। भगवंत मान सरकार ने कथित तौर पर कहा है कि सरकार डीए बढ़ाने के लिए बाध्य नहीं है।

सुनील जाखड़ ने कहा कि डीए कर्मचारियों के लिए कोई भीख नहीं, बल्कि उनका अधिकार है और सरकार को बिना देरी किए डीए जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 60 प्रतिशत डीए दिया जा रहा है, जबकि पंजाब के कर्मचारियों को केवल 42 प्रतिशत डीए मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में लोगों ने भाजपा को इसलिए जिताया क्योंकि वहां कानून व्यवस्था खराब हो चुकी थी और कर्मचारियों को डीए भी नहीं मिल रहा था। उनके अनुसार अब पंजाब में भी ऐसे ही हालात बन चुके हैं। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि भाजपा हालात सुधारेगी, डीए सुनिश्चित करेगी और कर्मचारियों के सभी हितों की रक्षा करेगी।

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी धमकी से डरने वाली नहीं है और पंजाब के लोगों की सुरक्षा ही पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी समझती तो उसकी कुछ साख बच सकती थी, लेकिन वह तो आम आदमी पार्टी के आगे “सरेंडर” कर चुकी है।

सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है और सिर्फ भाजपा ही लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर हर काम समयबद्ध होगा। भाजपा के शासन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे नक्सलवाद पर काबू पाया गया, उसी तरह पंजाब से गैंगस्टरवाद और नशे को भी खत्म किया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गायक सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा वापस लेकर उसका प्रचार किया और इस तरह उसकी हत्या के लिए जिम्मेदार बने, वही आज दिलजीत दोसांझ की बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप नेताओं को पहले अपना कुनबा संभालना चाहिए।

स्थानीय निकाय चुनावों में बैलेट पेपर के इस्तेमाल का विरोध करेगी भाजपा 

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी हार सामने देखकर पंजाब सरकार और राज्य चुनाव आयोग पंचायत चुनावों की तरह धक्केशाही से चुनाव जीतने के इरादे से ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर के जरिए चुनाव करवाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले ये चुनाव ईवीएम के जरिए होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस फैसले का डटकर विरोध करेगी और इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग के पास याचिका दायर करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी की स्थानीय निकाय चुनाव “लूटने” की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!