Ludhiana की होजरी फैक्ट्री में डकैती, मालिक को बंधक बनाकर पीटा, पड़ोसी के CCTV में कैद हुई वारदात

Edited By Vatika,Updated: 27 Aug, 2026 08:57 AM

robbery at hosiery factory

टिब्बा रोड इलाके में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक होजरी फैक्ट्री को निशाना बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है

लुधियाना, (राज): टिब्बा रोड इलाके में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक होजरी फैक्ट्री को निशाना बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लंच टाइम के दौरान सुनसान माहौल का फायदा उठाकर घुसे 3-4 लुटेरों ने फैक्ट्री मालिक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और करीब 1.5 लाख रुपये की नकदी व लाखों रुपये का फैब्रिक लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी लूटा हुआ माल टेम्पो में लोड कर मौके से फरार हो गए। हालांकि, बदमाशों ने फैक्ट्री के कैमरे बंद कर दिए थे, लेकिन उनकी पूरी करतूत पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लंच टाइम में घुसे 3-4 बेखौफ हथियारबंद लुटेरे
जानकारी के अनुसार, वारदात टिब्बा रोड स्थित 'लक्ष्मी एंटरप्राइजेज' नामक होजरी फैक्ट्री में बुधवार दोपहर करीब 1:00 से 2:00 बजे के बीच हुई। फैक्ट्री मालिक के बेटे ने बताया कि लंच टाइम होने के कारण सभी मजदूर खाना खाने बाहर गए हुए थे और वह खुद किसी काम के सिलसिले में शहर से बाहर था। उस समय फैक्ट्री के अंदर केवल उसके पिता व मालिक लालजी साहनी अकेले मौजूद थे। इसी का फायदा उठाते हुए 3 से 4 हथियारबंद बदमाश सीधे मेन गेट से फैक्ट्री के भीतर दाखिल हो गए। फैक्ट्री में घुसते ही बदमाशों ने लालजी साहनी पर हमला बोल दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लुटेरों ने सबसे पहले लालजी साहनी का मोबाइल फोन छीन लिया ताकि वे किसी को सूचना न दे सकें और उन्हें एक जगह बंधक बना दिया। पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने फैक्ट्री के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों का सिस्टम बंद कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि किसी भी बदमाश ने अपना चेहरा नहीं ढका था। बदमाशों ने महज 15 से 20 मिनट के भीतर गल्ले में रखे करीब 1.5 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में तैयार व कच्चा फैब्रिक समेट लिया।

थाना टिब्बा की पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे
फैक्ट्री के अंदर के कैमरे बंद करने के बावजूद लुटेरे पड़ोस के तीसरी आंख के पहरे से नहीं बच सके। पड़ोसी की इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश किस तरह बेखौफ होकर फैक्ट्री से कपड़े के थान व बंडल तेजी से बाहर निकाल रहे हैं और बाहर खड़े एक टेम्पो में लोड कर रहे हैं। माल लोड करने के बाद सभी आरोपी टेम्पो में सवार होकर तेजी से फरार हो गए। वारदात के बाद जब मजदूर लौटे और मालिक को बंधनमुक्त कराया गया, तो तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना टिब्बा की पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पड़ोसी के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिख रहे बदमाशों के चेहरों और टेम्पो के नंबर को ट्रेस किया जा रहा है।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!