Edited By Vatika,Updated: 27 Oct, 2026 11:54 AM

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ..
चंडीगढ़: भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आज टल्ली की बोतल लेकर विधानसभा के बाहर पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बोतल दिखाकर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसे और पंजाब सरकार को नशे के मुद्दे पर घेरा।
बिट्टू ने दावा किया कि वह इस बोतल के जरिए मुख्यमंत्री की पसंद और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले मुख्यमंत्री आवास की ओर गए थे, लेकिन उन्हें वहां जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद वह बोतल लेकर विधानसभा के बाहर पहुंचे। उन्होंने एयरपोर्ट पर बोतल को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया और कहा कि उस मामले को लेकर काफी हंगामा हुआ था।
बोतल दिखाते हुए बिट्टू ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और कहा कि इससे जुड़ी अन्य चीजें भी वह एक-एक करके जनता के सामने लाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार पिछले 5 वर्षों के दौरान राज्य के वास्तविक मुद्दों को हल करने में नाकाम रही है। रवनीत बिट्टू ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नशे की बिक्री रोकने के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने मेडिकल नशे की बिक्री का मुद्दा भी उठाया और सरकार से सवाल किया कि यदि उसके पास कार्रवाई करने के अधिकार हैं, तो नशे के कारोबार को रोकने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।