Ludhiana में मेडिकल स्टोर पर पुलिस की रेड, नशीले कैप्सूल सहित संचालक गिरफ्तार

Edited By Kamini,Updated: 23 Oct, 2026 12:19 PM

raid on a medical store

मेडिकल स्टोरों की आड़ में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले धंधेबाजों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

लुधियाना (राज): मेडिकल स्टोरों की आड़ में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले धंधेबाजों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रेरू साहिब रोड स्थित 'सोनी मेडिकल स्टोर' पर छापामारी कर पुलिस ने भारी तादाद में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से मेडिकल स्टोर संचालक पंकज उर्फ सोनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1200 नशीले प्रेगाबालिन कैप्सूल जब्त किए हैं। आरोपी लंबे समय से बिना किसी वैध डॉक्टर की पर्ची के युवाओं को प्रतिबंधित दवाएं बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक सब-इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार पुलिस पार्टी के साथ 22 अक्टूबर को अपराध नियंत्रण और संदिग्ध तत्वों की चेकिंग के सिलसिले में इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर ने गुप्त सूचना दी कि रेरू साहिब रोड पर स्थित 'सोनी मेडिकल स्टोर' का संचालक पंकज कुमार उर्फ सोनी सरकार द्वारा प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल अपने मेडिकल स्टोर पर रखकर अवैध रूप से आम लोगों व नशे के आदी युवाओं को बेचता है। यदि तुरंत उसके मेडिकल स्टोर पर छापा मारा जाए, तो भारी मात्रा में नशीली खेप बरामद हो सकती है।

मुखबिर की सूचना को पुख्ता मानते हुए एएसआई सुरिंदर कुमार ने तुरंत पुलिस टीम के साथ रेरू साहिब रोड स्थित उक्त मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई छापेमारी से मेडिकल स्टोर संचालक के होश उड़ गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान से 1200 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल (मार्का प्रेगाबालिन) बरामद किए। आरोपी संचालक से जब इन कैप्सूलों के संबंध में वैध मेडिकल दस्तावेज, डॉक्टरों के पर्चे या खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड मांगा गया, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब या बिल पेश नहीं कर सका।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल थोक में कहां से और किस सप्लायर से मंगवाता था और महानगर में उसके इस अवैध नेटवर्क के तार किन-किन इलाकों से जुड़े हुए हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!