Edited By Kalash,Updated: 12 Sep, 2026 12:05 PM

पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत के मामले की जांच जारी है और लगातार नए खुलासे हो रहे हैं।
पंजाब डेस्क : पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत के मामले की जांच जारी है और लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। वहीं अब मनजीत कौर की एक वीडियो सामने आई है। बताया जा रहा है कि जब उसका चंडीगढ़ PGI में इलाज चल रहा था ये वीडियो तब की है। इस वीडियो में उसने गंभीर आरोप लगाए थे। सुत्रों के अनुसार मनजीत कौर ने वीडियो में कहा कि शुभी, नेहा और दो लड़कों ने उसे मोरिंडा ले जाकर आग लगाई थी। बता दें कि मनजीत कौर की 26 अगस्त को चंडीगढ़ PGI में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
परिवार के अनुसार 3 जुलाई की रात मनजीत कौर को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में बुलाया गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। बाद में उसके गंभीर रूप से झुलस जाने की जानकारी परिवार को मिली और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया था।
मामले की जांच के दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने कपूरथला निवासी परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा को 10 सितंबर को गिरफ्तार किया जो कि मुख्य आरोपी रिंकू का सहयोगी है। पुलिस पूछताछ में पिंदा ने बताया कि रिंकू और मनजीत कौर के बीच घटना से पहले किसी कारण बहस हो गई थी। इसके बाद जब वह सेक्टर-34 पहुंचे तो लड़ाई और बढ़ गई। यहां से मनजीत को कार में सेक्टर-34 के एक पार्क के पीछे ले जाया गया जहां मारपीट के बाद मनजीत को आग लगा दी गई। इस खुलासे के बाद नया एंगल सामने आया है क्योंकि पहले कहा जा रहा था कि मनजीत को अगवा कर मोरिंडा ले जाया गया और यहां उसे पेड़ से बांध कर आग लगाई गई थी। पुलिस अब इस मामले में फरार बताए जा रहे रिंकू और शुभी की तलाश कर रही है।
जांच में CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों की मदद ली जा रही है। पुलिस अब उस वाहन की भी जांच कर रही है, जिसमें मनजीत को ले जाने की आशंका है। मौजूदा जांच में सफेद रंग की स्विफ्ट कार को लेकर पुलिस सुराग जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है। परमिंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद सामने आए नए सुरागों के आधार पर अन्य संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here