Edited By Vatika,Updated: 04 Sep, 2026 01:54 PM

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में दोनों नेताओं से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला पूर्व जस्टिस रणजीत सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़ा बताया जा रहा है। इससे पहले डॉ. गुरप्रीत कौर पूर्व जस्टिस रणजीत सिंह को भी कानूनी नोटिस भेजकर कार्रवाई की चेतावनी दे चुकी हैं।
5 करोड़ रुपये मांगने का लगाया गया था आरोप
पूर्व जस्टिस रणजीत सिंह ने आरोप लगाया था कि डॉ. गुरप्रीत कौर ने कथित तौर पर दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। इस मामले में गुरी चहल को मुख्य आरोपी के तौर पर नामजद किए जाने और एक कारोबारी के खिलाफ केस रद्द करने के बदले पैसे मांगने का दावा किया गया था। इन आरोपों के बाद बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो-वीडियो क्लिप भी पोस्ट की थी। मजीठिया ने दावा किया था कि वीडियो में मामले से जुड़े कथित बिचौलियों और डॉ. गुरप्रीत कौर के एक रिश्तेदार के बीच वित्तीय लेन-देन को लेकर बातचीत है।
खैहरा ने नोटिस की पुष्टि की
वहीं, कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने डॉ. गुरप्रीत कौर की ओर से कानूनी नोटिस मिलने की पुष्टि की है। खैहरा ने कहा है कि वह नोटिस का जवाब नहीं देंगे, बल्कि अदालत में इसका जवाब देंगे।फिलहाल दोनों नेताओं को भेजे गए नोटिस के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई दोनों पक्षों के रुख पर निर्भर करेगी।