पंजाब नशे में जल रहा और CM भगवंत मान पत्नी संग जा रहे फ्रांस : तरुण चुघ

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 17 Oct, 2026 06:34 PM

chugh slams bhagwant mann s france visit

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने तीखा निशाना साधा है। चुघ ने कहा कि भगवंत मान सरकार की नाकामी और अनुभवहीन प्रशासनिक रवैये के कारण पंजाब में नशे का राक्षस युवाओं और बच्चों की जिंदगी निगल रहा है।

पंजाब डैस्क : भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने प्रेस कांफ्रेंस कर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला, चुग ने कहा कि सरकार की नाकामी और नौसिखिएपन के कारण पंजाब में नशे का राक्षस नौजवानों और मासूम बच्चों को निगल रहा है। रोजाना गली-गली, गांव-गांव नशे से मौतों की खबरें सामने आ रही हैं और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को सरेआम दिनदहाड़े निशाना बनाया जा रहा है। पंजाब नशे की आग में जल रहा है, लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री को जनता की पीड़ा दूर करने के बजाय फ्रांस में पत्नी के साथ जन्मदिन मनाने जा रहे है। चुग ने कहा कि पंजाब की भयावह परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री का यह रवैया सरकार की संवेदनहीनता और प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

चुग ने कहा कि आज पंजाब की खाकी और खादी, दोनों माफिया के चंगुल में फंसी नजर आ रही हैं। नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों का खौफ लगातार बढ़ रहा है। पंजाब में पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब कानून के रक्षक ही असुरक्षित महसूस कर रहे हों, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करे? नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले व्हिसलब्लोअर्स की हत्याएं और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आगे आने वाले नागरिकों की चिंताएं राज्य की कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर करती हैं। पूरा पंजाब भय और असुरक्षा के माहौल से गुजर रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री इस संकट से निपटने के बजाय विदेश यात्रा पर जा रहे हैं।

चुग ने मुख्यमंत्री की प्रस्तावित फ्रांस यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी दौरे के नाम पर पेरिस में जन्मदिन की पार्टी मनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने पूछा कि यह कैसा सरकारी प्रतिनिधिमंडल है, जिसमें मुख्यमंत्री की पत्नी भी शामिल हैं? आम तौर पर आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों में जीवनसाथी की भागीदारी के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल और औचित्य होता है। पंजाब की जनता जानना चाहती है कि इस यात्रा के नियम क्या हैं और मुख्यमंत्री के परिवार की यात्रा का खर्च कौन उठा रहा है। चुग ने कहा कि पंजाब के करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल किसी भी परिस्थिति में निजी उत्सव या पारिवारिक सैर-सपाटे के लिए नहीं होना चाहिए। जब राज्य गंभीर आर्थिक और प्रशासनिक चुनौतियों से जूझ रहा है, तब सार्वजनिक धन के इस्तेमाल में पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य है।

चुग ने कहा कि पंजाब सरकार एक ओर खजाना खाली होने का हवाला देती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते, पेंशनभोगियों की समस्याओं और विभिन्न सरकारी देनदारियों को लेकर सवाल बने हुए हैं। बुजुर्ग पेंशनभोगियों और कर्मचारियों को अपनी जायज आर्थिक जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर होने वाला खर्च जनता के सामने स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता यह जानना चाहती है कि जब सरकार के पास अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होने की बात कही जाती है, तो मुख्यमंत्री के विदेश दौरे और उनके साथ जाने वाले प्रतिनिधिमंडल पर खर्च होने वाले सार्वजनिक धन का औचित्य क्या है।

चुग ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फ्रांस में प्रदर्शनी में स्टॉल लगाने के लिए मार्कफेड को निमंत्रण मिला है। उन्होंने सवाल किया कि यदि निमंत्रण मार्कफेड के स्टॉल के लिए है, तो मुख्यमंत्री का पेरिस जाना क्यों आवश्यक है? क्या फ्रांस सरकार ने भगवंत मान को कोई औपचारिक निमंत्रण दिया है? यदि ऐसा है, तो मुख्यमंत्री उस निमंत्रण पत्र को सार्वजनिक क्यों नहीं करते? चुग ने कहा कि किसी व्यावसायिक प्रदर्शनी में राज्य की भागीदारी और मुख्यमंत्री के आधिकारिक विदेश दौरे के औचित्य को एक ही बात नहीं माना जा सकता। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस यात्रा का वास्तविक उद्देश्य क्या है, प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल है और प्रत्येक सदस्य की यात्रा का खर्च किस मद से वहन किया जाएगा।

चुग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि वे फ्रांस सरकार का औपचारिक निमंत्रण पत्र, पूरे प्रतिनिधिमंडल की सूची, यात्रा का आधिकारिक उद्देश्य, लागू नियमों और प्रोटोकॉल का विवरण तथा यात्रा पर होने वाले कुल खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि पंजाब को आज नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई, अपराधियों पर कठोर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बहाल करने वाले नेतृत्व की जरूरत है, न कि ऐसे मुख्यमंत्री की जो राज्य को संकट में छोड़कर विदेश में जन्मदिन मनाने निकल पड़े। चुग ने कहा कि पंजाब की जनता को जवाब चाहिए कि जब नौजवान नशे की भेंट चढ़ रहे हैं, नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की जान जा रही है और पुलिसकर्मी तक असुरक्षित हैं, तब मुख्यमंत्री की प्राथमिकता पंजाब की सुरक्षा और भविष्य क्यों नहीं है?

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!