Edited By Kamini,Updated: 09 Sep, 2026 02:16 PM

कनाडा में एक पंजाबी बुजुर्ग व्यक्ति को भारी जुर्माना होने का मामला सामने आया है।
पंजाब डेस्क : कनाडा में एक पंजाबी बुजुर्ग व्यक्ति को भारी जुर्माना होने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कनाडा में एक पंजाबी मकान मालिक को 2 किराएदारों की मौत के लिए जिम्मेदार पाए जाने पर जेल भेजने की बजाय 30 हजार कैनेडियन डॉलर का जुर्माना भरने का आदेश दिया गया है।
ओंटारियो के किंग्स्टन शहर में साढ़े 3 साल पहले हुए हादसे के बाद सिटी ने पृथ्वीपाल ददियाला को 30 दिन के लिए जेल भेजने और 15 हजार कैनेडियन डॉलर का जुर्माना लगाने की मांग की थी। कोर्ट में किए गए दावे के मुताबिक, पृथ्वीपाल ददियाला ने फायर कोड की जरूरतों का पालन नहीं किया, जिसके कारण मार्च 2023 में घर में आग लग गई जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि, शुरूआत में पृथ्वीपाल ददियाला के खिलाफ 9 चार्ज लगाए गए थे, लेकिन 3 चार्ज में दोषी पाए जाने के बाद 6 चार्ज हटा दिए गए। कोर्ट के डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, आग लगने के समय घर में 8 लोग मौजूद थे। इस बीच, शहर के वकील ने कहा कि हालांकि पृथ्वीपाल ददियाला पर जानबूझकर किसी को नुकसान पहुंचाने का आरोप नहीं लगाया गया था, लेकिन ददियाला घर की हालत और फायर कोड का पालन पक्का करने के लिए जिम्मेदार थे।
मकान मालिक पृथ्वीपाल ने अपनी लापरवाही मान ली है। दूसरी ओर, किराएदारों ने इस स्थिति को मान लिया है क्योंकि उनके पास रहने के लिए कोई और सही जगह नहीं है। बचाव पक्ष के वकील मैट हॉजसन ने कहा कि शहर के बिल्डिंग डिपार्टमेंट के निर्देशों के अनुसार हर कमी को दूर किया जा रहा है और पृथ्वीपाल ददियाला अपनी दूसरी प्रॉपर्टीज में सुधार पर पहले ही 300,000 कैनेडियन डॉलर खर्च कर चुके हैं। वकील का कहना है कि उनके क्लाइंट की उम्र 78 साल है और उन्हें जेल भेजने का कोई मतलब नहीं है। कोर्ट में किराएदारों के लिखे लेटर पेश किए, जिसमें पृथ्वीपाल ददियाला को लोगों का मददगार बताया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here