Edited By Vatika,Updated: 14 Aug, 2026 10:16 AM

पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को लेकर नई अपडेट सामने आई है
पंजाब डेस्कः पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को लेकर नई अपडेट सामने आई है। मौसम विभाग ने 19 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी जाहिर की है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने पंजाब के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के इलाकों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं गुरदासपुर, पठानकोट, बटाला, अजनाला और डेरा बाबा नानक समेत कई इलाकों में भारी बारिश, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जालंधर, अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर और रूपनगर में मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पटियाला, राजपुरा और लुधियाना समेत कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तूफानी गतिविधियों के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
अगले तीन दिनों का मौसम
15 अगस्त को पठानकोट और रूपनगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पंजाब के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
16 अगस्त को पंजाब के लगभग सभी जिलों में बारिश हो सकती है। पठानकोट में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
17 अगस्त को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में भी बढ़ोतरी
बारिश के अलर्ट के बीच पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। राज्य में सबसे अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान पटियाला में दर्ज किया गया।