वाराणसी से पवित्र मिट्टी 1 अगस्त को पहुंचेगी पंजाब, पूरे प्रदेश में निकलेंगी कलश यात्राएं

Edited By Kamini,Updated: 31 Jul, 2026 07:44 PM

the sacred soil yatra of saint guru ravidas ji maharaj

संत गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से 29 जुलाई को प्रारंभ हुई पवित्र मिट्टी की राष्ट्रव्यापी यात्रा का 1 अगस्त प्रातः 10:00 बजे पंजाब सीमा पर पैराडाइज रिजॉर्ट, गांव झरमड़ी (लालरू के निकट) पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं...

पंजाब डेस्क : संत गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से 29 जुलाई को प्रारंभ हुई पवित्र मिट्टी की राष्ट्रव्यापी यात्रा का 1 अगस्त प्रातः 10:00 बजे पंजाब सीमा पर पैराडाइज रिजॉर्ट, गांव झरमड़ी (लालरू के निकट) पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं प्रमुख संतों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यह पवित्र यात्रा राम तलई रोड, डेराबस्सी तथा मेट्रो होलसेल, जीरकपुर से होते हुए आर्य समाज मंदिर, सेक्टर-7, चंडीगढ़ पहुंचेगी, जहां एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत पवित्र मिट्टी से युक्त कलश यात्राओं को पंजाब के सभी जिलों के लिए रवाना किया जाएगा, जो संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में छह माह तक चलने वाले राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ होगा।

2 से 6 अगस्त तक कलश यात्राएं पंजाब के सभी जिला मुख्यालयों से गांव-गांव तक पहुंचेंगी और संत श्री गुरु रविदास जी महाराज के समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय तथा बेगमपुरा के आदर्श का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगी। इसके बाद विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा युवाओं के बीच 2 माह का विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 20 फरवरी को वाराणसी में आयोजित समापन यात्रा के साथ पूर्ण होगा। शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री जगमोहन सिंह राजू ने कहा कि पार्टी ने संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 6 माह का व्यापक कार्यक्रम तैयार किया है, जिसका उद्देश्य गुरु जी के समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और न्याय के संदेश को पंजाब के प्रत्येक घर तक पहुंचाना है।

प्रदेश महामंत्री जगमोहन सिंह राजू ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प को प्रतिबिंबित करता है। भाजपा ने सदैव देश के महान संतों और गुरुओं की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इससे पहले श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को भी राष्ट्रीय स्तर पर मनाया है और अब संत श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश महामंत्री जगमोहन सिंह राजू ने बताया कि 29 जुलाई को वाराणसी से पवित्र मिट्टी की राष्ट्रव्यापी यात्रा का शुभारंभ हुआ था। 1 अगस्त को इसके पंजाब पहुंचने के साथ ही राज्य में इस ऐतिहासिक अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब के सभी वर्गों के लोग इन ऐतिहासिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और संत गुरु रविदास जी महाराज के शांति, समानता, एकता और सामाजिक समरसता के संदेश को पूरे प्रदेश में जन-जन तक पहुंचाएंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!