Edited By Vatika,Updated: 07 Mar, 2026 12:21 PM

आते ही उन्होंने जगजीत सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों की पिटाई शुरू कर दी।
राजासांसी: थाना राजासांसी के अंतर्गत आने वाले गांव जगदेव कलां में घरेलू झगड़े के चलते गांव के कुछ लोगों द्वारा घर पर हमला कर एक पुलिस कर्मी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतक जगजीत सिंह गुरदासपुर में तैनात डीएसपी मनिंदर सिंह के साथ सिक्योरिटी गार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहा था और वह कल शाम ही ड्यूटी से लौटकर अपने घर आया था। इस घटना की जानकारी देते हुए मृतक की पत्नी हरजीत कौर ने बताया कि किसी घरेलू रंजिश के कारण गांव के निवासी बलराज सिंह (जो उनके रिश्तेदार हैं) और उसके परिवार के सदस्यों ने रात को भी उनके घर पर हमला किया था। दिन के समय बलराज सिंह, उसका भाई, बेटा चन्नप्रीत सिंह, पत्नी कोमल, सुखराज सिंह, मनजीत सिंह, गज्जन सिंह और गुरलाल सिंह सहित 8-10 लोग दो गाड़ियों में सवार होकर उनके घर आ पहुंचे।
आते ही उन्होंने जगजीत सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान जगजीत सिंह के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर हथियारों समेत गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में जगजीत सिंह को इलाज के लिए अमृतसर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।