मिशन 2027: पंजाब BJP प्रधान केवल ढिल्लों को इस सीट से मैदान में उतारने की तैयारी, सियासी हलकों में हलचल तेज

Edited By Kalash,Updated: 09 Nov, 2026 01:29 PM

punjab bjp chief kewal dhillon election seat

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी राजनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है।

लुधियाना (राज): पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी राजनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षण और रणनीतिक आकलन में लुधियाना नॉर्थ (उत्तरी) विधानसभा सीट को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के लिए पूरे सूबे में सबसे सुरक्षित और मुफीद सीट माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से लुधियाना नॉर्थ हलके में केवल सिंह ढिल्लों के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगने और सिविल सिटी इलाके में उनके द्वारा कोठी लिए जाने की चर्चाओं ने इस सियासी सुगबुगाहट को और अधिक हवा दे दी है। त्योहारों के मौके पर लगे शुभकामना पोस्टरों और क्षेत्र में ढिल्लों की लगातार बढ़ रही सक्रियता से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी हाईकमान उन्हें इस हिंदू बहुल व शहरी सीट से चुनावी रण में उतारने का पूरा मन बना चुका है।

अमित शाह का दरेसी दौरा और केवल ढिल्लों की बढ़ती सियासी धमक

राजनीतिक विश्लेषक इस पूरे घटनाक्रम को दशहरे के दिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अचानक हुए लुधियाना दौरे से जोड़कर देख रहे हैं। दशहरे के मौके पर गृहमंत्री अमित शाह का लुधियाना के ऐतिहासिक दरेसी ग्राउंड पहुंचना राजनीतिक हलकों के लिए बड़ा सरप्राइज था, क्योंकि एक दिन पहले तक उनके इस दौरे का कोई आधिकारिक शेड्यूल तय नहीं था। पुख्ता सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के विशेष आग्रह और व्यक्तिगत तालमेल के चलते ही अमित शाह का यह कार्यक्रम अंतिम क्षणों में तय हुआ था। दरेसी ग्राउंड सीधे तौर पर लुधियाना नॉर्थ के प्रभाव क्षेत्र से सटा हुआ है, जिसे ढिल्लों के चुनावी शक्ति प्रदर्शन की शुरुआती नींव माना जा रहा है।

स्थानीय गुटबाजी पर लगेगा ब्रेक, 6-7 दावेदारों के बीच सर्वमान्य चेहरा

लुधियाना नॉर्थ सीट पर लंबे समय से स्थानीय नेताओं के बीच चल रही अंदरूनी खींचतान पार्टी के लिए सिरदर्द बनी रही है।हर बार यह सीट मामूली अंतर से भाजपा के हाथ से फिसलती रही है। आगामी चुनावों के लिए भी स्थानीय स्तर पर करीब 6 से 7 वरिष्ठ नेता टिकट की प्रबल दावेदारी ठोक रहे थे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यदि प्रदेश अध्यक्ष खुद यहां से चुनाव लड़ते हैं, तो टिकट को लेकर होने वाली आपसी कलह और भीतरघात स्वतः समाप्त हो जाएगी और समूचा स्थानीय कैडर एकजुट होकर काम करेगा।

2024 लोकसभा चुनाव में 22 हजार से अधिक की प्रचंड बढ़त

इस सीट को भाजपा के लिए सबसे मुफीद मानने के पीछे 2024 के लोकसभा चुनावों के ठोस आंकड़े हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में लुधियाना नॉर्थ से भाजपा उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू को रिकॉर्ड 53,725 वोट मिले थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को इस हलके से महज 31,415 वोट ही हासिल हो सके। इस प्रकार अकेले नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने 22,310 वोटों की एकतरफा लीड दर्ज की थी, जो किसी भी शहरी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के सबसे मजबूत प्रदर्शनों में से एक है।

लगातार हार के बावजूद अडिग रहा कैडर वोट बैंक

यद्यपि पिछले तीन विधानसभा चुनावों (2012, 2017 और 2022) में पार्टी के उम्मीदवार प्रवीण बांसल को लगातार हार का सामना करना पड़ा, लेकिन आंकड़ों का सूक्ष्म विश्लेषण बताता है कि पार्टी का पारंपरिक वोट बैंक विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा रहा:
2012: भाजपा को 46,048 वोट मिले (हार का अंतर केवल 2,168 वोट रहा)।
2017: सत्ता विरोधी लहर के बावजूद 39,732 वोट मिले (हार का अंतर 5,132 वोट रहा)।
2022: 'आप' की आंधी में भी भाजपा ने 35,822 वोट हासिल किए (हार का अंतर 15,282 वोट रहा)।
पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि इस स्थिर वोट बैंक के साथ जब प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा कद, संसाधन और आक्रामक चुनाव प्रबंधन जुड़ेगा, तो यह अंतर आसानी से जीत में बदल जाएगा।

बरनाला से मोहभंग, लुधियाना से सूबे के शहरी वोट बैंक को साधने की रणनीति

केवल सिंह ढिल्लों का गृह क्षेत्र बरनाला रहा है, लेकिन मालवा के ग्रामीण और पंथक बहुल समीकरणों की तुलना में लुधियाना का शहरी माहौल भाजपा के वैचारिक आधार के बेहद अनुकूल है। पंजाब के सबसे बड़े औद्योगिक और कारोबारी शहर से प्रदेश अध्यक्ष के मैदान में उतरने से लुधियाना की सभी 7 विधानसभा सीटों के साथ-साथ जालंधर, अमृतसर, पटियाला जैसे अन्य बड़े शहरी केंद्रों पर भी पार्टी के पक्ष में मनोवैज्ञानिक माहौल बनेगा। कांग्रेस, आप और भाजपा के बीच बनने वाले त्रिकोणीय मुकाबले में केवल सिंह ढिल्लों का बड़ा चेहरा भाजपा को मुख्य मुकाबले में सबसे आगे रखने का काम करेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!