बेकाबू ट्रक ने मासूम बच्ची को कुचला, बाइक से गिरते ही पीछे से आ रहे वाहन ने लिया चपेट में

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 Jun, 2026 09:59 PM

out of control truck runs over innocent girl she was struck by the approaching

महानगर के हंबड़ा रोड स्थित सत्संग घर के पास शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक और रूह कँपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां बाइक से संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर गिरी 6 साल की मासूम बच्ची को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया।

लुधियाना,  (राज): महानगर के हंबड़ा रोड स्थित सत्संग घर के पास शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक और रूह कँपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां बाइक से संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर गिरी 6 साल की मासूम बच्ची को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में पहली कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद भड़के स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव मलकपुर का रहने वाला सुरिंदर अपनी 6 वर्षीय बेटी लाली के साथ बाइक पर सवार होकर कुछ घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए निकला था। जैसे ही पिता-पुत्री हंबड़ा रोड पर स्थित सत्संग घर के पास पहुंचे, तो अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर टायर स्लिप हो गया। बाइक फिसलने के कारण पीछे बैठी मासूम लाली छिटककर सीधा सड़क के बीचों-बीच जा गिरी। अभी पिता अपनी लाडली को संभाल पाता, इतने में ही पीछे से यमदूत बनकर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर गिरी बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। भारी-भरकम ट्रक का पहिया मासूम के ऊपर से निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत बच्ची की जान बचाने के लिए दौड़े और उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि मासूम लाली ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

परिजनों ने रोते हुए बताया कि लाली अभी सिर्फ 6 साल की थी और पास के ही एक सरकारी स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा थी। वह छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी और पूरे घर की लाडली थी। बेटी की इस तरह अचानक हुई दर्दनाक मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में चीख-पुकार मची हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पीएयू के एसएचओ राजिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मासूम बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया जाएगा।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!