Edited By Vatika,Updated: 06 Aug, 2026 04:53 PM

निकटवर्ती गांव शताबगढ़ में भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया।
माछीवाड़ा साहिब: निकटवर्ती गांव शताबगढ़ में भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान की छत गिरने से मलबे के नीचे दबकर एक गरीब विधवा महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान इंद्रजीत कौर (38) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माछीवाड़ा क्षेत्र में बुधवार देर शाम तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान इंद्रजीत कौर अपने घर में अपनी पड़ोसन और बेटी के साथ बैठकर बातचीत कर रही थी। अचानक कमरे के ऊपर बने चबूतरे की छत भरभराकर गिर गई। इसके भारी मलबे के दबाव से नीचे वाले कमरे की छत भी टूटकर उन पर आ गिरी।
हादसे में इंद्रजीत कौर, उसकी पड़ोसन और बेटी मलबे के नीचे दब गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत कौर को इलाज के लिए समराला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी पड़ोसन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।