Edited By Vatika,Updated: 30 Jul, 2026 01:12 PM

आज सुबह पातड़ां-जाखल रोड पर गांव खानेवाल के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक स्कूल बस ने मोटरसाइकिल पर स्कूल जा रहे
पटियाला(लाल सिंह चोपड़ा): आज सुबह पातड़ां-जाखल रोड पर गांव खानेवाल के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक स्कूल बस ने मोटरसाइकिल पर स्कूल जा रहे दो छात्रों को कुचल दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने विरोध स्वरूप पातड़ां-जाखल रोड पर जाम लगाकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र गांव हरियाऊ कलां के रहने वाले थे और संगरूर जिले के गांव बंगा स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। मृतकों की पहचान मोहित कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहित कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि स्कूल बस मोटरसाइकिल सवार दोनों छात्रों को करीब 50 फीट तक घसीटती हुई ले गई। यह बस मूनक के पास स्थित गांव हमीरगढ़ के बचपन इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पातड़ां के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक छात्रों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि 25 सीटों वाली बस में करीब 45 छात्रों को बैठाकर ले जाया जा रहा था, जो सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। वहीं, मौके पर पहुंचे स्कूल प्रिंसिपल पर भी लोगों ने दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। हादसे से आक्रोशित लोगों ने पातड़ां-जाखल रोड पर जाम लगाकर कथित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस लोगों को शांत कराने और यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटी हुई है।