Edited By Vatika,Updated: 08 Aug, 2026 09:27 AM

हानगर में झपटमारों और लुटेरों के बुलंद हौसलों को एक महिला की बहादुरी और सूझबूझ ने करारा जवाब दिया
लुधियाना (राज): महानगर में झपटमारों और लुटेरों के बुलंद हौसलों को एक महिला की बहादुरी और सूझबूझ ने करारा जवाब दिया है। केवीएम स्कूल के पास शुक्रवार दोपहर पैदल जा रही एक महिला से बाइक सवार युवक ने मोबाइल झपट लिया, लेकिन महिला ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और आरोपी का पीछा कर उसे बाइक समेत नीचे गिरा दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आरोपी की पिटाई की गई और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पीड़ित महिला की पहचान मनिंदर कौर के रूप में हुई है, जो सिविल लाइंस इलाके में 'पेशेंट केयर टेकर' का काम करती हैं। मनिंदर कौर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह पैदल अपने काम पर जा रही थीं। इसी दौरान केवीएम स्कूल के पास पीछे से आए एक बाइक सवार युवक ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा।अचानक हुई इस वारदात से डरने के बजाय मनिंदर कौर ने गजब की हिम्मत दिखाई। उन्होंने तुरंत आरोपी की बाइक के पीछे दौड़ लगा दी और कुछ ही दूरी पर जाकर आरोपी को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे बाइक सवार संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के राहगीर और दुकानदार भी तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और उसकी धुनाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। कैलाश नगर पुलिस चौकी के मुलाजिम ने बताया कि आरोपी को पुलिस चौकी कैलाश नगर के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जिस बाइक पर सवार था, उस पर आगे और पीछे कहीं भी नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है कि कहीं यह बाइक चोरी की तो नहीं है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।