Edited By Vatika,Updated: 08 Aug, 2026 09:57 AM

महानगर में बेखौफ घूम रहे स्नैचरों व लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब दूसरे राज्यों से व्यापार
लुधियाना, (राज) : महानगर में बेखौफ घूम रहे स्नैचरों व लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब दूसरे राज्यों से व्यापार करने आ रहे कारोबारी भी सुरक्षित नहीं हैं। महाराष्ट्र से लुधियाना में होजरी का सामान खरीदने आए एक व्यापारी के साथ दिन-दिहाड़े मोबाइल झपटने की वारदात सामने आई है। इस घटना से दहशत में आए व्यापारियों ने साफ कह दिया है कि अब वे कभी खरीददारी करने लुधियाना नहीं आएंगे।
जानकारी देते हुए व्यापारी मंगेश पंजेवानी ने बताया कि वह महाराष्ट्र से लुधियाना में होजरी का माल खरीदने के लिए आए थे। जब वे ई-रिक्शा पर सवार होकर माधोपुरी पहुंचे, तो अचानक पीछे से आए एक तेज रफ्तार एक्टिवा सवार युवक ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया।
जब मोबाइल सुरक्षित नहीं, तो लाखों की पेमेंट कैसे संभाले :व्यापारियों में भारी रोष
दिन-दिहाड़े हुई इस वारदात के बाद पीडि़त व्यापारी मंगेश और उनके साथियों में भारी दहशत और रोष पाया जा रहा है। पीडि़त ने सीधे शब्दों में अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि इस घटना के बाद से उन्हें लुधियाना आने में घबराहट हो रही है। उन्होंने कहा, जब यहां दिन के समय एक मोबाइल फोन सुरक्षित नहीं है, तो हमारे पास लाखों रुपये की नकदी और पेमेंट थी, हमारे साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती थी। अब हम आगे से खरीददारी के लिए लुधियाना कभी नहीं आएंगे।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, पुलिस जांच में जुटी :
घटना के तुरंत बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी एक्टिवा सवार युवक कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है।