Edited By Urmila,Updated: 05 Jun, 2023 12:38 PM

जिससे ऑप्रेशन ब्लूस्टार के कारण हुए नरसंहार की वास्तविकता भी उजागर हो सके।
चंडीगढ़: पंजाब से राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने 1984 में हुए ऑप्रेशन ब्लूस्टार से संबंधित सभी सरकारी दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग की है। साहनी ने आग्रह किया कि गुप्त फाइलों को आम जनता के लिए उपलब्ध करवाया जाना चाहिए, जिससे ऑप्रेशन ब्लूस्टार के कारण हुए नरसंहार की वास्तविकता भी उजागर हो सके। सांसद साहनी ने कहा ‘ऑप्रेशन ब्लूस्टार में हुई सैंकड़ों नृशंस हत्याओं, श्री हरमंदिर साहिब कॉम्पलेक्स में पवित्र स्थलों पर तोड़-फोड़, संग्रहालय और तोशखाना को नष्ट करने के साथ-साथ मानवाधिकारों का सबसे बड़ा उल्लंघन था, जिससे हमारे इतिहास से संबंधित कीमती ग्रंथों और अभिलेखों का नुक्सान हुआ।’ साहनी ने ऑप्रेशन ब्लूस्टार की निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध का एकमात्र न्याय दोषियों को सजा दिलाना होगा, जिसके लिए जरूरी है कि सभी संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक किया जाए।
उन्होंने कहा कि ‘खूनी ऑप्रेशन के पीछे के सच को टालने के लिए 39 साल बहुत लंबा समय है। उन्होंने दस्तावेजों को सार्वजनिक करने और दोषियों को जिम्मेदार ठहराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ऑप्रेशन ब्लूस्टार सिखों के साथ-साथ वैश्विक इतिहास के सबसे बड़े जघन्य नरसंहारों में से एक है, उन्होंने आग्रह किया कि पीड़ितों से लेकर जनता, इतिहासकारों, विद्वानों और राजनीतिक नेताओं तक हर कोई एक बेहतर अंतर्दृष्टि का पात्र है, जो केवल इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने से ही हो सकता है।
साहनी ने ऑप्रेशन ब्लूस्टार विवरण के जारी होने के प्रभावों की संवेदनशीलता पर जोर देते हुए कहा कि हम यह नहीं भूल सकते कि 39 साल बीत चुके हैं और जो कुछ हुआ उसे भूलना असंभव है। हालांकि दस्तावेजों के अनावरण के साथ सच्चाई सामने आएगी। देश व दुनिया यह जान सकेगी की पवित्र गुरुद्वारा हरमंदिर साहिब में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण व असाधारण सैन्य अभियान के लिए क्या साजिश रची गई और कैसे इसे अंजाम दिया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here