Edited By Kalash,Updated: 28 Feb, 2026 06:23 PM

लुधियाना के फुल्लांवाला क्षेत्र में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान स्कूल बसों को रोककर कथित अवैध वसूली किए जाने के मामलों ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
लुधियाना : लुधियाना के फुल्लांवाला क्षेत्र में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान स्कूल बसों को रोककर कथित अवैध वसूली किए जाने के मामलों ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व गांव की सड़कों के निर्माण के नाम पर सुबह के समय परीक्षा केंद्र जा रही बसों को रोककर चालकों से जबरन धन मांग रहे हैं। इन घटनाओं से विद्यार्थियों और स्टाफ में भय का माहौल बन गया है।
बताया गया है कि पक्खोवाल रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, पक्खोवाल रोड के एक बस चालक के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। विवाद के दौरान कहासुनी और हाथापाई की स्थिति बन गई। चालक को चेतावनी दी गई कि जब तक स्कूल की ओर से सड़क निर्माण के नाम पर धनराशि नहीं दी जाएगी, तब तक इस मार्ग पर बसें नहीं चलने दी जाएंगी।
मामले में यह भी सामने आया है कि सीबीएसई ड्यूटी पर जा रही एक वरिष्ठ महिला अध्यापिका को फुल्लांवाला मार्ग पर दोपहिया वाहन चलाने से रोककर लंबा रास्ता अपनाने के लिए मजबूर किया गया। दोपहर में किंडरगार्टन के बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक बस को भी बीच रास्ते रोक लिया गया। सहायता के लिए फोन कर रही महिला परिचालिका का मोबाइल छीन लिया गया और उसे स्कूल की प्रधानाचार्या तक संदेश पहुंचाने की धमकी दी गई।
इन घटनाओं से बोर्ड परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. सतवंत कौर भुल्लर ने मामले को गंभीर बताते हुए डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को औपचारिक शिकायत भेजी है। शिकायत में परीक्षा अवधि के दौरान स्कूल बस मार्गों पर नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है, ताकि विद्यार्थियों का आवागमन सुरक्षित रह सके। अभिभावकों और स्कूल प्रशासन का कहना है कि दोषियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से स्थिति और गंभीर हो रही है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी निगरानी की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here