लुधियाना बस स्टैंड के पास होटल में बवाल, पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

Edited By Kalash,Updated: 15 Feb, 2026 01:18 PM

ludhiana bus stand hotel firing

बस स्टैंड के पास स्थित 'होटल 7 एस्केप' में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई

लुधियाना (राज): बस स्टैंड के पास स्थित 'होटल 7 एस्केप' में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने सरेआम हवाई फायरिंग कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। होटल मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता मोहित यादव ने पुलिस को बताया कि 14 फरवरी की रात वह होटल की रिसेप्शन पर मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति, जो पूरी तरह शराब के नशे में धुत लग रहा था, होटल पहुँचा और कमरे की मांग करने लगा। होटल स्टाफ ने नियमानुसार जब उससे उसका आईडी प्रूफ मांगा, तो वह टालमटोल करने लगा। टोकने पर आरोपी तैश में आ गया और होटल मालिक व स्टाफ के साथ गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी।

विवाद बढ़ता देख आरोपी ने तुरंत फोन कर अपने दो अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर होटल में जमकर हंगामा किया और मालिक के साथ धक्का-मुक्की की। शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे और उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी घबरा गए। खुद को घिरता देख भागते समय उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और सरेआम हवाई फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई, जिसका फायदा उठाकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 

होटल संचालक के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों के हुलिए और जिस वाहन से वे फरार हुए, उसका सुराग लगाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!