Edited By Subhash Kapoor,Updated: 26 Jul, 2026 08:32 PM

पंजाब पुलिस की एक महिला इंस्पेक्टर से दुष्कर्म के मामले में आरोपी बनाए गए सब-इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह को लेकर नया खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, आरोपी का परिवार लंबे समय से पंजाब पुलिस से जुड़ा रहा है। उसके दादा और पिता दोनों ही पंजाब पुलिस में...
लुधियाना : पंजाब पुलिस की एक महिला इंस्पेक्टर से दुष्कर्म के मामले में आरोपी बनाए गए सब-इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह को लेकर नया खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, आरोपी का परिवार लंबे समय से पंजाब पुलिस से जुड़ा रहा है। उसके दादा और पिता दोनों ही पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर रह चुके हैं। साहिबमीत सिंह वर्ष 2021 में सीधे (डायरेक्ट) सब-इंस्पेक्टर के रूप में पंजाब पुलिस में भर्ती हुआ था। वहीं, पुलिस को आशंका है कि आरोपी देश छोड़कर विदेश फरार हो सकता है, जिसके चलते उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस में तैनात एक महिला इंस्पेक्टर ने लुधियाना के थाना सुधार में तैनात सब-इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला अधिकारी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दी थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच के आधार पर एसएसपी जगराओं ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला इंस्पेक्टर और आरोपी सब-इंस्पेक्टर के बीच लंबे समय से दोस्ती थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद महिला इंस्पेक्टर ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।