Edited By Urmila,Updated: 10 Feb, 2026 01:11 PM
नेशनल टैस्टिंग एजैंसी (एन.टी.ए.) ने नीट यू.जी.-2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा के साथ-साथ रजिस्ट्रेशन प्रोसैस में भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं।
लुधियाना (विक्की): नेशनल टैस्टिंग एजैंसी (एन.टी.ए.) ने नीट यू.जी.-2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा के साथ-साथ रजिस्ट्रेशन प्रोसैस में भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं। आधार बेस्ड ई-के.वाई.सी, लाइव फोटो कैप्चर और मल्टीलैवल वैरीफिकेशन जैसे नियम पहली बार लागू किए गए हैं।
इन बदलावों का मकसद परीक्षा में फर्जीवाड़े को रोकना और पूरी प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाना है। एन.टी.ए. ने साफ किया है कि नए नियमों का मकसद परीक्षा की ट्रांसपेरैंसी बनाए रखना है। पिछले कुछ वर्षों में डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन, पहचान से जुड़ी गड़बड़ी और नकल जैसी शिकायतें सामने आई थीं जिन्हें ध्यान में रखते हुए रजिस्ट्रेशन प्रोसैस को सख्त किया गया है ताकि हर विद्यार्थी की पहचान सही तरीके से वैरीफाइड हो सके। नीट यू.जी. स्कोर के आधार पर एम.बी.बी.एस., बी.डी.एस., बी.एससी. नर्सिंग, बी.वी.एस.सी. और ए.एच., बी.ए.एम.एस, बी.यू.एम.एस. और बी.एच.एम.एस. जैसे कोर्स में एडमिशन दिया जाएगा।
3 मई को पैन और पेपर मोड में होगी परीक्षा
एन.टी.ए. की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक नीट यू.जी.-2026 का आयोजन 3 मई को किया जाएगा। यह दिन मई महीने का पहला रविवार होगा। परीक्षा देशभर में एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कराई जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी परीक्षा पैन और पेपर मोड में होगी। नीट यू.जी.-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वैबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 8 मार्च तय की गई है। समय पर आवेदन और फीस जमा करना जरूरी है, वरना फॉर्म मान्य नहीं माना जाएगा।
आधार से जुड़ा मोबाइल नम्बर ही मान्य
इस साल नीट यू.जी. के आवेदन में आधार आधारित ई-के.वाई.सी. को अनिवार्य कर दिया गया है। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर चालू हो ताकि वैरीफिकेशन के दौरान कोई दिक्कत न आए। इसके अलावा पहली बार लाइव फोटो कैप्चर की व्यवस्था की गई है।
उम्मीदवारों को फॉर्म भरते समय रियल टाइम में फोटो लेनी होगी जिसमें चेहरा फ्रेम के कम से कम 80 प्रतिशत हिस्से में होना चाहिए। एन.टी.ए. ने सलाह दी है कि फोटो लेते समय कैप, चश्मा या गॉगल्स न पहनें ताकि आधार डाटाबेस से तस्वीर का मिलान सही हो सके। उम्मीदवार वेबकैम या कर कोड स्कैन कर मोबाइल कैमरे से भी फोटो अपलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो, स्कैन सिग्नेचर और एड्रैस प्रूफ जैसे दस्तावेज भी जरूरी होंगे।
कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क और परीक्षा शहर
नीट यू.जी. का आवेदन शुल्क कैटेगरी के अनुसार तय किया गया है। जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को 1700 रुपए, जनरल ई.डब्ल्यू.एस. और ओ.बी.सी. एन.सी.एल. को 1600 रुपए तथा एस.सी., एस.टी., पी.डब्ल्यू.बी.डी. और थर्ड जैंडर कैटेगरी के उम्मीदवारों को 1000 रुपए फीस देनी होगी। भारत से बाहर के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 9500 रुपए है।
एग्जाम सिटी का चयन उम्मीदवार के वर्तमान और स्थायी पते के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा कुल 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी, जिनमें हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, फारसी, तमिल, तेलगू और उर्दू शामिल हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here