Edited By Kalash,Updated: 07 Feb, 2026 12:21 PM

जालंधर में लक्की ओबरॉय हत्याकांड से जुड़े नए सुराग सामने आए हैं।
जालंधर : जालंधर में लक्की ओबरॉय हत्याकांड से जुड़े नए सुराग सामने आए हैं। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें एक्टिवा सवार शूटर और एक क्रेटा कार दिखाई दे रही है। सूत्रों के मुताबिक यह क्रेटा कार लक्की का नौकर चला रहा था, जबकि वारदात में इस्तेमाल हुई एक्टिवा भी उसी के नाम पर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार लक्की के नौकर शिंगरी ने ही पहले इलाके की रेकी की थी और बाद में आरोपियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि शिंगरी नशे करता था जिसके बारे में पता चलने पर लक्की ने शिंगरी की पिटाई की थी। इसे लेकर वह रंजिश रखने लगा और साजिश में शामिल हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी एक्टिवा से मिट्ठापुर की ओर भागे थे। इसके बाद शिंगरी ने एक्टिवा को कहीं छिपा दिया और फिर क्रेटा कार से जाते हुए सीसीटीवी में नजर आया। हालांकि अभी तक पुलिस को वह एक्टिवा बरामद नहीं हुई है और तलाश जारी है।
सूत्रों का कहना है कि इस वारदात में जोगा ने सोनू खत्री गैंग के साथ मिलकर भूमिका निभाई। घटना के बाद से लक्की का नौकर फरार है, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया है। जांच के दौरान पुलिस को कई कैमरों में नौकर की मौजूदगी दिखी है, जिसमें वह क्रेटा कार के साथ नजर आता है।
कार की जांच करने पर पता चला कि वह पहले एक कार डीलर कालड़ा के नाम थी, जो फिलहाल एक अन्य मामले में जेल में बंद है। पूछताछ में कालड़ा ने बताया कि उसने यह कार अरोड़ा को बेच दी थी। अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि उसने यह कार बैंक लोन पर खरीदी थी और पैसों की जरूरत के चलते एक महीने के लिए लक्की के पास गिरवी रख दी थी। पुलिस के अनुसार लक्की के स्टाफ ने पुष्टि की है कि घटना के दिन वही क्रेटा कार नौकर लेकर गया था। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here